सभी बैंकों और एटीएम मशीनों में मंगलवार को पूरा कैश उपलब्ध रहेगा। बैंकों में 2000, 100 और इससे छोटे नोट मिलेंगे। एटीएम मशीनों में 100 के नोट उपलब्ध रहेंगे। लोग एक्सचेंज और जमा करवा सकेंगे। बैंक शाम 7 बजे तक ही खुले रहेंगे। पांच सौ के नोट शहर में बुधवार या वीरवार को पहुंच जाएंगे। लोगों से अपील की गई है कि लोग जरूरत के मुताबिक ही कैश निकलवाएं। अधिक कैश निकलवाकर घर पर न रखें। उधर, विकलांग, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए अलग से लाइन लगवाने के निर्देश दिए गए हैं।
सोमवार की छुट्टी के बाद मंगलवार को सभी एटीएम और बैंकों में एक बार फिर लंबी लाइन लगने की आशंका है। बीच में एक दिन की छुट्टी होने के कारण लोगों की भारी भीड़ रहेगी। बैंक अधिकारियों ने दावा किया है कि लगभग सभी बैंकों में पर्याप्त कैश पहुंच गया है। इसलिए कहीं भी कैश खत्म होने की कोई संभावना नहीं है। लोग आराम से कैश एक्सचेंज करवा सकते हैं। बैंकों की ओर से आमजन से अपील की गई कि अगले कुछ दिन तक सहयोग करें। जितनी जरूरत हो उतना ही कैश निकालें। हजारों रुपये की नकदी अपने घर में एकत्र न करें। जरूरत के अनुसार छोटे नोट का उपयोग करें। अगर थोडे़ नोट से काम चलाएंगे तो लोगों को तकलीफें कम होंगी। सभी की सहूलियत के लिए इस समय सहयोग की जरूरत है। नोट बदलवाने के लिए 30 दिसंबर तक का समय दिया गया है।
अगले 24 से 48 घंटे में आएंगे 500 के नये नोट
शहर में पांच सौ के नए नोट अगले 24 से 48 घंटों में आ जाएंगे। इसके बाद लोगों की करेंसी की समस्या दूर हो जाएगी। 500 और हजार के नोट बंद होने के बाद बैंकों द्वारा 2000 के नए नोट दिए जा रहे हैं। लेकिन हजार और 500 के नोट नहीं होने के कारण अधिक समस्या आ रही है। बैंक अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार तक 500 के नोट आरबीआई चंडीगढ़ में पहुंच जाएंगे। इसके बाद बुधवार या वीरवार को हिसार में भी 500 के नोट आ जाएंगे, जिसके बाद लोगों को खुल्ले की समस्या से निजात मिल जाएगी।
हमारे पास पूरा कैश है। कहीं भी कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। मंगलवार को बैंकों के साथ ही सभी एटीएम मशीनों में भी कैश डाला जाएगा। हिसार के अलावा अन्य तीन जिलों में भी कैश भेज दिया गया है।
- जेएन शर्मा, सीनियर मैनेजर, सर्कल ऑफिस पीएनबी
घंटों में खाली हो गए एटीएम
सोमवार को बैंक की ओर से किए गए दावों के बीच कुछ एटीएम में ही कैश मिल सका। रविवार की रात के समय ही एटीएम में कैैश डाला गया था। लोगों को इसकी जानकारी मिली तो लोग रात के समय ही लाइनों में लग गए। कुछ घंटों में ही एटीएम खाली हो गए। रेड स्कवायर स्थित एटीएम में सोमवार करीब 11 बजे तक कैश मिला।
छोटे नोट के कारण जल्दी खाली हो रही एटीएम
इस समय शहर की आधी एटीएम ही काम कर पा रही हैं। बैंकों के पास कैश न होने कारण दिक्कतें आ रही हैं। दरअसल बैंक की एटीएम में नोट के अनुसार अलग अलग चैंबर बॉक्स होते हैं। 100 के नोट का एक चैंबर फिक्स है। एटीएम में औसतन सभी नोट मिलाकर 25 लाख तक का कैश आता है। 100 के नोट डालने पर करीब 5 लाख रुपये का कैश ही मशीन में आ पाता है।