हिसार। प्रदेश सरकार ने बरवाला शहर में सीवरेज व्यवस्थाओं के विस्तार, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट इत्यादि कार्यों के लिए 47 करोड़ रुपये की राशि मंजूर करते हुए विभिन्न कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
पीडबल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि बरवाला शहर की विभिन्न कॉलोनियों में सीवरेज व्यवस्था में सुधार करते हुए 200 मिमी, 250 मिमी, 300 मिमी, 350 मिमी, 400 मिमी और 800 मिमी सीवर लाइन बिछाई जाएंगी। एक एसटीपी और एक एमपीएस के निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्थानों पर मैनहोल का निर्माण कार्य भी किया जाएगा। इन सभी कार्यों का 2372.54 लाख रुपये की अनुमानित लागत आएगी। उन्होंने कहा कि बरवाला शहर में जलापूर्ति व्यवस्था के अपग्रेडेशन के लिए जाने वाले विभिन्न कार्यों के लिए भी 1387.38 लाख रुपये की लागत से विभिन कार्य करवाए जाएंगे। वर्तमान में बरवाला शहर के विभिन्न स्थानों पर 2 नहर आधारित जलघर और 5 बूस्टिंग स्टेशन स्थित हैं। शहरी क्षेत्र के विस्तार और बढ़ती आबादी के चलते इनका विस्तार किया जाना वर्तमान समय की जरूरत है।
नई कॉलोनियों तथा अभी तक जलापूर्ति सुविधाओं से वंचित कालोनियों में जलापूर्ति सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए जल उपचार संयंत्र सहित अन्य कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बरवाला कस्बे में मौजूदा एसटीपी से उपचारित अपशिष्ट के निपटान के लिए नगर पालिका बरवाला द्वारा 7 एकड़ की एक तालाब भूमि प्रदान की गई थी, जो एसटीपी और बरवाला कस्बे के बरसाती पानी के निपटान के लिए काफी है। इसी के अनुरूप बरवाला टाउन में उपचारित अपशिष्ट के निपटान के लिए मौजूदा तालाब से घिराय गाँव के पास बहने वाले तालाब तक 560 मिमी ओ/डी एचडीपीई राइजिंग मेन बिछाने के लिए भी 2284.35 लाख रुपये की स्वीकृति भी सरकार से प्राप्त हो गई है।