हांसी। नागरिक अस्पताल में 13 वर्षों के बाद व्यापक मरम्मत कार्य शुरू किया गया है। लोकनिर्माण विभाग की इलेक्ट्रिकल शाखा की ओर से 4.61 करोड़ रुपये की लागत से अस्पताल के पुराने और जर्जर बिजली के तारों और उपकरणों को बदलकर नए आधुनिक और कम ऊर्जा खपत वाले उपकरण लगाए जा रहे हैं।
कार्य के तहत इलेक्ट्रिक रूम में दो बस बार लगाए जाएंगे जिससे पूरे अस्पताल की बिजली सप्लाई कंट्रोल की जा सकेगी। पुराने मेन बोर्ड, पैनल और स्विच हटाकर आधुनिक एमसीबी और मॉड्यूलर स्विच लगाए जा रहे हैं, जिससे किसी भी तकनीकी खराबी पर बिजली अपने आप कट जाएगी और हादसों की संभावना कम होगी।
अस्पताल भवन की संरचना में भी बड़े सुधार किए जा रहे हैं। ओपीडी, इमरजेंसी और वार्डों के पुराने स्विच, बिजली बोर्ड, खिड़कियां, दरवाजे और फ्रेम बदले जाएंगे। फर्श और दीवारों की मरम्मत के साथ टाइलों को नया रूप दिया जाएगा। शौचालयों और ओपीडी रूम की सुधार और दूसरी मंजिल की छत को पक्का किया जाएगा, जिससे टपकने की समस्या से राहत मिलेगी।
मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, अस्पताल की सुरक्षा बढ़ेगी :
नए उपकरण और सुधार कार्य पूरे होने के बाद मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, अस्पताल की सुरक्षा बढ़ेगी और बिजली की तकनीकी समस्याएं कम होंगी। मरम्मत कार्य करीब 12 दिन पहले शुरू हुआ और इसे जल्द पूरा करने का लक्ष्य है। अस्पताल परिसर में यह सुधार न केवल सुविधा बल्कि आधुनिक तकनीक और सुरक्षा के स्तर को भी उन्नत करेगा।
::::::::
अस्पताल में मरम्मत कार्य चल रहा है। उसी के अधीन बिजली संबंधित मरम्मत कार्य भी चालू है।- डॉ़ राहुल बुद्धिराजा, एसएमओ, नागरिक अस्पताल।