अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। नगर निगम प्रशासन की ओर से बुधवार को भी शहर में लगे अवैध होर्डिंग्स को हटाया गया। छह कर्मचारियों की तीन टीमों को अलग-अलग हिस्सों में भेजा गया। इन कर्मचारियों ने ओवरब्रिज के अलावा दूसरी सार्वजनिक दीवारों पर लिखे नारों पर भी रंग लगाकर उन्हें मिटाया। वहीं कालोनियों में लगे होर्डिंग्स, बैनर व पोस्टर उतरवाने की जिम्मेदारी सफाई दरोगाओं को सौंपी गई है।
दूसरे सरकारी विभागों को भी भेजा लेटर
मुख्य सफाई निरीक्षक सुभाष सैनी ने बताया कि अवैध होर्डिंग्स उतारने का काम जोरों पर चल रहा है। जन स्वास्थ्य विभाग, बिजली निगम, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, नहरी विभाग सहित कई सरकारी विभागों को लेटर भेजा गया है। इन विभागों को अपने अधीन क्षेत्र में लगे अवैध होर्डिंग्स हटवाने के लिए कहा गया है। बिजली के खंभों पर लगे पोस्टर्स व बैनर हटवाने के लिए बिजली निगम से कहा गया है।