अमर उजाला ब्यूरो
नारनौंद (हिसार)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव गढ़ी के पास देर शाम एक ऑल्टो कार के सामने अचानक लावारिस पशु आ जाने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया। इसके कारण कार पेड़ से जा टकराई और पलट गई। कार पलटने के बाद कार में आग लग गई और कार चालक युवक जिंदा जल गया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हांसी के नागरिक अस्पताल भिजवाया।
गढ़ी गांव के पास शाम को सोरखी की तरफ से आ रही एक ऑल्टो कार के सामने अचानक लावारिस पशु आ गया, जिसको बचाने के लिए कार सवार युवक 30 वर्षीय गांव गढ़ी निवासी हरीश पुत्र शेर सिंह ने जैसे ही गाड़ी को साइड में मोड़ना चाहा तो उसका संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी रोड से नीचे उतरकर पेड़ से टकराकर पलट गई। आसपास के लोग उसकी और दौड़े तो देखा कि कार में एक युवक फंसा हुआ है। ग्रामीणों ने युवक को निकालने के लिए कार का अगला शीशा तोड़ा और युवक को गाड़ी से निकालने का प्रयास किया, लेकिन उसका पैर कार में फंसने के कारण वह निकल नहीं पाया। तभी अचानक कार में आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि बचाव करने वाले लोगों ने भागकर जान बचाई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना बास पुलिस व हांसी फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलने के बाद बास थाना प्रभारी प्रवीन कुमार व हांसी की फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और कार में लगी आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक युवक हरीश जिंदा जल चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेेेकर शव को हांसी के नागरिक अस्पताल के शव गृह में भिजवा दिया। रविवार को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
निजी स्कूल में अध्यापक था हरीश
मृतक हरीश के चचेरे भाई विनोद ने बताया कि हरीश गांव कुंगड़ में निजी स्कूल में अध्यापक था। शनिवार को वह स्कूल से कार में वापस अपने घर आ रहा था, तभी यह घटना हुई। वह कार हरीश दो दिन के लिए किसी काम से अपने दोस्त से लेकर गया था।
घटना की सूचना हमें कंट्रोल रूम से मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। रविवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
- प्रवीन कुमार, थाना प्रभारी, बास।