अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। सेक्टर 9-11 में रहने वाले कारोबारी भीमसेन ने शुक्रवार शाम खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। कारोबारी दिल्ली में ट्रांसपोर्ट का काम करता था। करीब 55 वर्षीय भीमसेन सेक्टर 9-11 में मकान नंबर 844 में रहते हैं।
भीमसेन दो दिन पहले ही वह अपनी पत्नी के साथ दिल्ली से हिसार आए थे। शुक्रवार को उनकी पत्नी अपने मायके आदमपुर चली गई। घर पर भीमसेन के अलावा घर पर कोई नहीं था। सुबह करीब दस बजे भीम सिंह ने अपने बेटे व बेटियों को फोन करके बताया कि वह आत्महत्या करने वाले हैं अगर बचाना चाहो तो बचा लो। पिता कि यह बात सुनकर चारों जल्दी से हिसार की ओर रवाना हुए। हिसार पहुंचने के बाद जैसे ही उन्होंने घर का दरवाजा खोला अंदर से धमाका होने की तेज आवाज आई। अंदर देखा तो उनके पिता जमीन पर गिरे हुए थे व उनकी कनपटी पर गोली लगी हुई थी। उनके पास की उनकी लाइसेंसी रिवाल्वर पड़ी हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। इस मामले में सेक्टर चौकी प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है। मौके से लाइसेंसी पिस्तौल को भी कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों ने बयान में बताया कि वह पिछले कुछ समय से परेशान चल रहे थे। इसी परेशानी में उन्होंने आत्महत्या कर ली। किसी तरह का सुसाइड नोट मौके से बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उनकी तीन बेटियां व एक बेटा हैं। तीनों शादीशुदा हैं। शहर से बाहर रहते हैं।