अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। रेलवे ने हिसार से भिवानी के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेन की शुरूआत मंगलवार से होगी। मंगलवार को हिसार पहुंचने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस ट्रेन इलेक्ट्रिक इंजन के साथ पहुंचेगी। ट्रेन शाम को बिजली इंजन के जरिए ही वापस गोरखपुर के लिए रवाना होगी।
मई महीने में हिसार से भिवानी के बीच करीब 70 किलोमीटर लंबे ट्रैक का विद्युतीकरण किया गया था। जिसके बाद रेलवे सेफ्टी कमिश्नर ने इसका मुआयना किया था। जिसमें रेलवे कमिश्नर ने काफी खामियां गिनाई थी। इन खामियों को पूरा करने के लिए एक महीने का समय दिया था। जिसके बाद रेलवे की टीम ने इन कमियों को पूरा किया। शनिवार की शाम को भिवानी से एक वीपीयू हिसार लाई गई थी। जिसे ट्रायल के तौर पर चलाया गया था। इस ट्रेन भिवानी हिसार के बीच सफलता पूर्वक सफर तय किया था। जिसकी रिपोर्ट मुख्यालय भेजी गई थी। इस रिपोर्ट के आधार पर ही रेलवे अधिकारियों ने गोरखधाम एक्सप्रेस ट्रेन को इलेक्ट्रिक इंजन के साथ चलाने की हरी झंडी दे दी। दो दिन पहले ही भिवानी हिसार रेलवे रूट की वायर में करंट छोडा गया था। गुड्स ट्रेन को इस रूट पर सफलता पूर्वक चलाया जा चुका है। स्टेशन अधीक्षक महेंद्र पाल चुघ ने कहा कि मंगलवार से गोरखधाम को बिजली से चलाने की तैयारी है। ट्रायल सफल होने के बाद इसे नियमित कर दिया जाएगा। ट्रेन बिजली से चलने से लोगों को समय की बचत होगी।