अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
विजिलेंस डीएसपी ने मंगलवार को मिलगेट रोड की फोटो लेकर जांच शुरू कर दी है। पार्षद मान सिंह चौहान की शिकायत पर यह जांच शुरू की है। कुछ महीने पहले ही 2.78 करोड़ की लागत से यह सड़क बनकर तैयार हुई थी।
निगम पार्षद मान चौहान ने पिछले सप्ताह एसपी विजिलेंस शिवचरण अत्री को मिलगेट रोड की शिकायत देकर जांच की मांग की थी। पार्षद ने आरोप लगाया कि 2.78 करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क में घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया गया है। सामग्री कम डाली गई है। पुुरानी ईंटें और रोड़ी पुरानी उपयोग की गई। सड़क पर तारकोल कम डाला गया है।
पार्षद की शिकायत पर एसपी ने मामले की जांच डीएसपी शरीफ सिंह को सौंपी। मंगलवार को डीएसपी शरीफ सिंह मिलगेट पर पहुंचे। उन्होंने टूटी सड़कों की फोटो ली। साथ ही पार्षद से रिकॉर्ड मांगा। इसमें टेंडर की कॉपी मांगी है। पार्षद ने कहा कि मौके से सैंपल भराए जाएं। निगम के अधिकारियों और ठेकेदारों की मौजूदगी में यहां सैंपल लिए जाएं। साथ ही सैंपल प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जाए, जिससे बाद में कोई किसी तरह के आरोप लगा सके।
पार्षद मान सिंह चौहान ने कहा कि मार्केटिंग बोर्ड से मिलगेट रोड का निर्माण कराया गया है। इसमें कुछ हिस्सा कंकरीट से बनाया गया है। कुछ एरिया तारकोल की बिटुमन सड़क है। बिटुमन की सड़क में कई जगह रोड़ी निकलकर फैल गई है। कई जगह गड्ढे हो गए हैं। कंकरीट की सड़क भी टूटने लगी है।
कहीं नहीं हुई सुनवाई
मिलगेट रोड के लोगों ने बताया कि जांच के लिए निगम आयुक्त को शिकायत दी गई थी। निगम के एसई, एक्सईएन सहित सभी को अवगत कराया गया था। इस पर किसी तरह की सुनवाई नहीं हो सकी।
अमर उजाला ने उठाया था मुद्दा
अमर उजाला ने जनवरी में मिलगेट की टूटी सड़क की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया है। इसके बाद मार्केटिंग बोर्ड की टीम ने मौके पर पैचवर्क पूरा कराया था।