अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
निगम हाउस की बैठक में मेयर शकुंतला राजलीवाला के साथ वार्ड 20 की पार्षद रेखा ऐरन भिड़ गईं। पार्षद ऐरन ने कहा कि आपने आज तक सब कमेटियों की मीटिंग नहीं बुलाई। मेयर ने कहा ये काम चेयरमैन का है। इसके बाद फिर ऐरन ने कहा कि अगर सब कमेटियों के कहने पर मीटिंग में अधिकारी नहीं आते तो आप चेंज क्यों नहीं करते। मीटिंग के चेयरमैन और सदस्य चार साल से वही हैं। इस पर मेयर ने कहा कि किसी ने डिमांड ही नहीं की। अधिकारी मीटिंग में क्यों नहीं आ रहे, इसके लिए ही तो जांच करवा रही हूं। आखिर बिल्डिंग ब्रांच में माजरा क्या है। दोनों के बीच इस मुद्दे पर खूब तल्खी नजर आई। पार्षदों और कमिश्नर अशोक बंसल ने दोनों के बीच का मामला शांत कराया।
मेयर के ये थे एजेंडे
मोहरा बनाकर हाउस की बैठक में मेयर द्वारा रखवाए गए तीनों मुख्य एजेंडे भी रिजेक्ट कर दिए। इसका आभास मेयर को पहले ही हो गया। एजेंडा रखने की बारी आई तो मेयर ने पहले ही बोल दिया कि मेरे पास ये एजेंडे आए थे, मैंने जनप्रतिनिधि होने के नाते हाउस में इसे रखा था। इसे पास करना और न करना पूरे हाउस का फैसला है। चाहे तो आप इसे रिजेक्ट कर दो। मेयर के मिर्जापुर रोड पर दर्शन एकेडमी तक निगम सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव, ग्लोबल स्पेस को टेकओवर करने और बिल्डिंग ब्रांच से संबंधित सील बिल्डिंग्स के मामले में विजिलेंस जांच करवाने का प्रस्ताव रिजेक्ट कर दिया।
मेयर के समर्थक पार्षद भी छोड़ गए साथ
हाउस की मीटिंग में इस बार नया मामला देखने को मिला। जो पार्षद कभी मेयर के समर्थन में थे, आज उन्होंने ही सबसे पहले हाउस में खड़े होकर अलग-अलग दो प्रस्तावों पर विरोध किया। पार्षद टीनू जैन ने विजिलेंस जांच के मामले में सबसे पहले खड़े होकर कहा कि मैं विजिलेंस जांच के विरोध में हूं। यह प्रस्ताव पास नहीं होना चाहिए। इसके अलावा ग्लोबल स्पेस और दर्शन एकेडमी की तरफ सीमा बढ़ाए जाने के मामले पर भी उनके समर्थित पार्षदों ने विरोध किया। हालांकि विजिलेंस जांच के मामले में डिप्टी मेयर भीम महाजन मेयर के समर्थन में खड़े दिखाई दिए।