अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
गांव बालसमंद में एक बाइक पर सवार दो युवकों ने गाड़ी सवार युवक पर हमला कर दिया। हमले के दौरान युवक, उसकी दादा-दादी गाड़ी में मौजूद थे। तीनों ने गाड़ी की सीट के पीछे छिपकर जान बचाई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मामले की शिकायत के बाद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में बालसमंद निवासी मोहित ने बताया कि उसका भाई विकास सिवानी में फाइनेंस का काम करता था। उसके साथ अभिजीत, कृष्ण उर्फ कान्हा, कुलदीप उर्फ बेली, सुमित उर्फ सीतू, हनुमान उर्फ फडु, राजेश विजला, सुरेंद्र पहलवान काम करते थे। उसने बताया कि विकास पिछले छह महीने से हैदराबाद चला गया है। अब ये लोग हमें पैसे के लिए तंग करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। उन्होंने इसको लेकर मोहित की मां के पास फोन भी किया और उन्हें मिलने के लिए कहा था। मोहित ने बताया कि सोमवार सुबह जब वह अपने दादा-दादी को दवा दिलवाकर अपनी गाड़ी लेकर घर के सामने पहुंचा तो अभिजीत, कान्हा बाइक पर सवार होकर आए। उन्होंने आते ही अंधाधुंध फायर कर दिए। दादा नफे सिंह और दादी सुनहरी देवी सहित वे तीनों गाड़ी की सीटों के पीछे छिप गए। गाड़ी की कंडक्टर साइड चार से पांच फायर किए गए। हमले में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा। फायरिंग के बाद दोनों बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। सदर थाना के पुलिस इंस्पेक्टर देवेंद्र नैन ने बताया कि मोहित की शिकायत पर दोनों अभियुक्तों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।