हिसार। बाइक सवार तीन लुटेरों ने वीरवार रात करीब पौने 10 बजे साउथ बाईपास के पास स्थित उदय पेट्रोल पंप से करीब 40 हजार रुपये लूट लिए।
सदर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नकाबपोश बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर खड़े कर्मी से बाइक में तेल डलवाने बात की। इसके बाद एक ने अपने पैर के पास पेंट से पिस्तौल निकाली और तीनों उस कर्मी को कुछ पीछे ले गए। उस दौरान बाइक सवार व कर्मी वहीं खड़े रहे और दो युवक पंप के कार्यालय में घुस गए और वहां से करीब 40 हजार रुपये नकदी से भरा बैग उठा ले आए। इतने में पंप कर्मी ने बाइक सवार को धक्का दिया और वहां से भागकर पंप की पिछली तरफ बैठे अपने अन्य तीन-चार साथियों को ले आया। उन्हें देखते ही दो आरोपियों ने अपनी-अपनी पिस्तौल निकालकर पंप कर्मियों को डराने का प्रयास किया। पंप कर्मियों ने भी जवाब में उन पर डंडा फेंका, लेकिन आरोपी युवक हवा में पिस्तौल लहराते हुए नकदी सहित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि आरोपी जाते समय पंप में लगी एलसीडी भी तोड़ गए। सूचना मिलते ही डीएसपी नारायणचंद, सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मंदीप अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है। आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि सेक्टर-13 निवासी पेट्रोल पंप मालिक को इसकी सूचना दे दी गई है। पुलिस ने बताया कि ये आरोपी सातरोड़ की तरफ से आए थे और आधार अस्पताल की तरफ फरार हुए।
पंप पर थे तीन कर्मी, दो गए थे खाना खाने
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वारदात से कुछ पहले तक पंप पर कुल तीन कर्मी थे। इनमें से दो कर्मी खाना खाने गए थे तो उस दौरान वहां एक कर्मी ही रह गया था। उस कर्मी ने बहादुरी दिखाते हुए अन्य कर्मियों को वहां बुला लिया। अन्यथा जिस हिसाब से आरोपी कार्यालय में घुसे थे। वह आरोपी और भी सामान लूट सकते थे।
पुलिस को गंभीरता से लेने की जरूरत
मुझे इसकी सूचना मिली है। इस तरह के मामले पहले भी हुए हैं। सिरसा रोड पर स्थित आरोपियों ने पंप पर लूट के दौरान कर्मियों की हत्या भी की थी। उसके बाद पुलिस ने पेट्रोल पंपों पर पुख्ता सुरक्षा का भरोसा दिया था, लेकिन पुलिस की ओर से सिर्फ गश्त की जाती है। जिस वक्त पुलिस वहां नहीं होती आरोपी वारदात को अंजाम दे देते हैं। पुलिस को इसे गंभीरता से लेने की जरूरत है।
-राजकुमार, सलेमगढ़, प्रधान, पेट्रोल पंप एसोसिएशन।
बदमाशों की तलाश जारी
बदमाशों की तलाश जारी है। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए हैं। अभी इस संबंध में शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
- इंस्पेक्टर मंदीप, सदर थाना प्रभारी, हिसार।