छापामारी के दौरान कागजी कार्रवाई करते स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी।
- फोटो : Hisar
सरकार की ओर से लंबे अर्से से तंबाकू और च्यूइंगम पर प्रतिबंध के बावजूद इसकी बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। शहर में बड़ी दुकानों के साथ गली-मोहल्लों में भी छोटी दुकानों में दुकानदार बिना किसी डर के खुलेआम बेच रहे हैं।
इसी बीच मंगलवार को फूड सेफ्टी ऑफिसर को इस संबंध में जब शिकायत मिली तो उन्होंने बुधवार को अपनी टीम के साथ शहर की कई दुकानों सहित गोदाम में भी छापेमारी की और वहां से तंबाकू और च्यूइंगम बरामद कर मौके पर ही नष्ट कराया। गोबिंदगढ़ बाजार स्थित भगत सिंह चौक पर राज ट्रेडर्स गोदाम से 40 किलो तंबाकू बरामद किया। टीम ने बरामद तंबाकू को सिरसा रोड स्थित डंपिंग ग्राउंड में जाकर उसे नष्ट कर दिया।
यहां की कार्रवाई
फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. अरविंद्र ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे से शुरू हुई कार्रवाई शाम करीब पांच बजे तक चली। टीम ने गोबिंदगढ़ बाजार, तेलियान पुल, पड़ाव चौक, भगत सिंह मार्केट और सब्जी मंडी एरिया स्थित करीब 11 दुकानों पर छापामारी की। इस दौरान वहां से तंबाकू, गुटखा, पान मसाला, च्यूइंगम बरामद किया। डॉ. अरविंद्र ने बताया कि इस दौरान दुकानदारों से सख्त हिदायत भी दी गई और भविष्य में इनकी बिक्री न करने को भी कहा गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान टीम ने सब्जी मंडी रोड स्थित पर स्थित दो दुकानों से चावल व घी के भी सैंपल एकत्र किए, जो जांच के लिए करनाल लैब भेज जाएंगे।
वर्जन
मुझे कल शिकायत आई थी कि यहां गोदाम में भारी मात्रा में तंबाकू स्टोर किया हुआ है और उसकी बिक्री हो रही है। शिकायत के आधार पर आज टीम सहित मौके पर पहुंच कार्रवाई की गई। इसके साथ ही शहर में कई दुकानों से भी तंबाकू व च्यूइंगम बरामद कर नष्ट कर दिया। इस दौरान दुकानदारों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है।
- डॉ. अरविंद्र, फूड सेफ्टी ऑफिसर, हिसार