दिवाली से पहले बाजार के लिए सबसे बड़े खरीदारी के दिन धनतेरस पर करीब चालीस करोड़ का कारोबार हुआ। इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार, बर्तन बाजार, सराफा बाजार में सबसे अधिक खरीदारी रही।
हालांकि ऑटो मोबाइल सेक्टर तथा प्रॉपर्टी बाजार में पिछले साल की तुलना में कुछ मंदी रही। सोमवार का पूरा दिन बाजार में भीड़ रही। हजारों लोग बाजार में खरीदारी करने पहुंचे।
लंबे समय से ग्राहकों का इंतजार कर रहे दुकानदारों के चेहरों पर खुशी नजर आई। ऑटो मोबाइल, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान, बर्तन व कपड़ों सहित अन्य सामानों से दुकानदारों ने अपनी दुकानों को सजाया था।
यहां रही सबसे अधिक भीड़
शहर के मुख्य बाजार राजगुरु मार्केट, नागोरी गेट बाजार, पूजा मार्केट, सुभाष मार्केट, बिश्नोई मंदिर मार्केट, पालिका बाजार, डीसी, एमसी कॉलोनी बाजार, पटेल नगर, अर्बन इस्टेट मार्केट, रेड स्कवायर मार्केट, ग्रीन मार्केट, पीएलए मार्केट एरिया, फ्लेमिंगो मार्केट, आर्य समाज मंदिर मार्केट में अधिक भीड़ देखने को मिली।
बर्तनों भंडार पर देर रात तक भीड़
धनतेरस के दिन धातु खरीदना अधिक शुभ माना जाता है। इस कारण बड़ी संख्या में लोग स्टील, पीतल, तांबे, सिल्वर के बर्तन खरीदते नजर आए।
बर्तन भंडार पर अधिक भीड़ होने के चलते दुकानदारों के पास मोलभाव का समय नहीं था। दुकानदारों को मुंहमांगे दाम मिल रहे थे। इन दुकानों पर देर रात तक भीड़ रही।
इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम भी खूब बिके
इस बार इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में अच्छी खरीद हुई। विभिन्न कंपनियों के टीवी, फ्रिज, एलईडी, वाशिंग मशीन, होम थियेटर, मोबाइल, मिक्सर जूसर सहित अन्य उत्पादों की खूब खरीदारी हुई।
पालिका बाजार, फ्लेमिंगो कांप्लेक्स तथा पारिजात चौक स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में दिन भर भीड़ लगी रही। ग्राहकों को कंपनियों की ओर से कई तरह के ऑफर भी दिए जा रहे थे।
रेडीमेड गारमेंट्स बिक्री में रहा उछाल
रेडीमेड गारमेंट का सेक्टर यूं तो साल भर चलता है। लेकिन दिवाली के मौके पर इसमें और उछाल आ जाता है। सोमवार को पीएलए मार्केट, राजगुरु मार्केट सहित अन्य एरिया में लोग अपनी पसंद के सर्दी के कपड़े खरीदने में जुटे रहे। महिलाओं व बच्चों के ड्रेस भी खूब खरीदे गए।
सजावटी सामान की डिमांड
दिवाली पर घरों को सजाने के लिए मिट्टी के दीपकों, रंगोली, मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की प्रतिमा, रंग-बिरंगी लड़ियों, फूलों की भी विशेष रूप से खरीदारी की गई।
रंग बिरंगी लड़ियों व मिट्टी के दीये सबसे अधिक खरीदे गए। इसके अलावा लक्ष्मी गणेश के कैलेंडर और प्रतिमा भी पसंद किए गए।
मिठाइयों से ज्यादा ड्राई फ्रूट पर भरोसा
दिवाली के मौके पर मिठाइयों की दुकानें सजी हैं। इन दुकानों पर ग्राहकों की संख्या कम है। ग्राहक सोच-समझकर मिठाइयां खरीद रहे हैं। मिठाइयों से ज्यादा ड्राई फ्रूट्स को पसंद किया जा रहा है।
राजगुरु मार्केट में ड्राई फ्रूट का होलसेल मार्केट खरीदारी का केंद्र बना रहा। गिफ्ट पैक में भी लोग ड्राई फ्रूट खास तौर पर काजू, बादाम, किशमिश पसंद करते नजर आए।
आज भी उमड़ेगी भीड़
बाजार में 10 नवंबर को छोटी दिवाली पर बंपर ग्राहकी होने की संभावना है। कुछ लोग जो सोमवार को खरीदारी करने से चूक गए, वह मंगलवार को बाजार पहुंचेंगे। आम दिनों के मुकाबले अब तक 15 से 20 प्रतिशत तक खरीदारी बढ़ गई है। इन दो दिन में जितना कारोबार होता है उतना दो से तीन महीने में होता है।
सर्राफा बाजार को मिले ग्राहक
धनतेरस के दिन धातु खरीदना अधिक शुभ माना जाने के कारण लोग इस दिन सोने व चांदी के जेवर खरीदना पसंद करते हैं। इस बार सोने के दाम पिछले साल की तुलना में काफी कम होने के चलते खरीदारी कुछ ज्यादा रही।
लोगों ने जरूरत के हिसाब से सोना तथा चांदी के आभूषण खरीदे।