अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम आने से पहले ही नगर निगम ने खुद हार मान ली है। टेस्ट देने से पहले ही निगम खुद को मेरिट से नीचे रख रहा है। आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय को भेजी गई रिपोर्ट में निगम ने खुद सेल्फ असेस्मेंट कर खुद को 1400 अंकों में से केवल 624 अंक दिए हैं। ओवरऑल ये अंक आधे से भी कम हैं। हालांकि नगर निगम ने इसके बाद काफी सुधार किए हैं। इन 1400 अंकों में सबसे अधिक अंक कचरे को डोर टू डोर एकत्रित करना और ट्रांसपोर्टेशन के मामले में कटेंगे। निगम ने इसके 420 अंकों में से केवल 28 अंक की लगाए हैं।
प्रोसेसिंग एंड डिस्पोजल के मामले में मिले आधे अंक
नगर निगम ने कचरे के प्रोसेसिंग और डिस्पोजल के मामले में खुद को आधे से थोड़े अधिक अंक दिए हैं। इसके कुल अंक 350 हैं, जबकि निगम ने खुद को इसमें 180 अंक दिए हैं।
ओडीएफ में मिले लगभग पूरे अंक
ओडीएफ को लेकर सेल्फ असेस्मेंट में निगम ने खुद को पूरे अंक दिए हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण में इसको लेकर 420 अंक हैं। इनमें से निगम ने खुद को 402 अंक दिए हैं। इसको लेकर ओडीएफ सर्टिफिकेट का आधार बनाया है। पब्लिक टायलेट कहां हैं, कम्युनिटी टायलेट कहां बने हैं? इसके अलावा जहां स्लम बस्तियां हैं, वहां मोबाइल टॉयलेट उपलब्ध करवाने की डिटेल अपलोड की गई है।
सक्षमता बढ़ाने और व्यवहार में बदलाव के जीरो अंक
स्वच्छ सर्वेक्षण के संबंध में केंद्र सरकार को जो रिपोर्ट भेजी है, उसके आधार पर निगम ने सक्षमता बढ़ाने (कैपेसिटी बिल्ट करने) के संबंध में खुद को जीरो अंक दिए हैं। इसी तरह लोगों के व्यवहार में बदलाव चाहे वो सेग्रीगेशन हो, कचरा न फेंकना हो या फिर खुले में शौच करने की आदत में बदलाव करने की हो, इसमें भी निगम ने जीरो अंक लगाए हैं। यानी निगम ने इस संबंध में कोई काम ही नहीं किया। ओवरऑल प्रोग्रेस सेल्फ असेस्मेंट के आधार पर केवल 67 प्रतिशत है।
झूठी रिपोर्ट होगी तो कटेंगे नंबर
स्वच्छता सर्वे में इस बार नेगेटिव मार्किंग है। निगम अगर सेल्फ असेस्मेंट कर गलत रिपोर्ट या खुद की गलत मार्किंग करेगा तो इसके भी नंबर कट सकते हैं। इसी बात को ध्यान में रखकर निगम ने खुद को निर्धारित अंकों में से नंबर दिए हैं।
हिसार, सिरसा 24 को आएगी सर्वे टीम
स्वच्छता सर्वे को लेकर हमारे शहर में 24 जनवरी को टीम आएगी। इसको लेकर नगर निगम को अभी तक कोई सूचना नहीं दी गई है। मंत्रालय की वेबसाइट पर टीम आने के लिए अलग-अलग शहरों के शेड्यूल डाले गए हैं। हिसार के अलावा सिरसा में भी 24 जनवरी को टीम आएगी। यह टीम 26 जनवरी तक रहेगी।
स्वच्छता सर्वे से पहले सेल्फ असेस्मेंट में नगर निगम ने खुद मानी हार
1400 में से दिए 624 अंक
-नगर निगम की ओवरऑल प्रोग्रेस 67 प्रतिशत