अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सांसद दुष्यंत चौटाला ने शनिवार को टोल प्लाजा कर्मियों को ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक से टोल वसूली करते हुए अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। सांसद दुष्यंत बरवाला रोड पर लगे बाड्डो पट्टी टोल पर कुछ देर के लिए रुके थे। सांसद दुष्यंत इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, प्रदेश सरकार और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को पत्र लिखकर शिकायत करेंगे।
सांसद दुष्यंत चौटाला शनिवार देर शाम करीब सवा आठ बजे हिसार-बरवाला रोड पर बाड्डो पट्टी स्थित टोल प्लाजा पर सरकार के दावों की हकीकत जानने के लिए पहुंचे। सांसद के साथ उकलाना के विधायक अनूप धानक भी थे। सांसद टोल प्लाजा बैरियर के पास काफी देर तक अपनी गाड़ी में ही बैठकर टोल कर्मियों की कार्यप्रणाली देखते रहे। इसी दौरान बरवाला से पराली से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आई और टोलकर्मी ने उसे रुकवा लिया और टैक्स लेने के बाद ही जाने दिया। सांसद दुष्यंत गाड़ी से उतरकर ट्रैक्टर चालक के पास पहुंचे। उससे टोल के बारे में पूछा। चालक ने सांसद को 70 रुपये की पर्ची थमाते हुए कहा कि साहब! यह पर्ची तो कटवानी ही पड़ती है। इस दौरान पराली से भरी एक और ट्रैक्टर-टॉली गुजरी तो उससे भी 70 रुपये की वसूली की गई। जब सांसद ने वहां मौजूद टोल कर्मियों से इस बारे में पूछा तो वे इस बारे में कोई जवाब नहीं दे पाए। टोल वसूलने वाला कर्मी मौका पाकर वहां से खिसक लिया।
पराली जलाने पर रोक तो टैक्स क्यों
सांसद दुष्यंत ने कहा कि एक तरफ तो सरकार ट्रैक्टर-ट्रॉली पर टैक्स न लगने के बड़े-बड़े दावे मीडिया के माध्यम से कर वाहवाही लूट रही है। हकीकत कोसों दूर है। सांसद ने कहा कि एक तरफ तो सरकार पराली जलाने पर किसानों पर मुकदमा दर्ज कर रही है, वहीं अगर कोई किसान पराली को पशुओं के लिए लेकर जाता है तो उससे टोल वसूलती है।