अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
जिला परिषद चेयरमैन ब्रह्मदेव स्याहड़वा ने कहा कि गांव बुरे में 10 लाख की लागत से चौपाल का निर्माण कराया जाएगा। गांव में खेल स्टेडियम की चारदीवारी भी कराई जाएगी। जिला परिषद की ओर से यह बजट प्रदान किया जाएगा।
गांव बुरे में वीरवार को शहीद भगत सिंह की जयंती के मौके पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिला परिषद चेयरमैन ब्रह्मदेव स्याहड़वा मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। चेयरमैन ने कहा कि नलवा हलके के किसी भी गांव में भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा। यहां सभी विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने गांव के सरपंच की ओर से रखी गई चौपाल की मांग को पूरा करते 10 लाख का बजट देने का एलान किया। साथ ही गांव के खेल स्टेडियम की चारदीवारी भी जिला परिषद के कोटे से कराई जाएगी। चेयरमैन ने कहा कि नलवा हलके में सीएम की ओर से 195 करोड़ रुपये की घोषणा है। इन सभी घोषणाओं को जमीन पर उतारने का काम शुरू हो चुका है। जिला परिषद की ओर से सभी गांव में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। गंदे पानी की समस्या खत्म करने के लिए गांवों में फाइव पोंड सिस्टम लगाए जा रहे हैं। जिले के 65 गांवों में यह सिस्टम बनकर तैयार हो गए हैं। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य कृष्ण सरसाना ने भी संबोधित किया। गांव बुरे के सरपंच विजय कुमार, विजय फौजी स्याहड़वा, भाजपा किसान मोर्चा के महामंत्री कृष्ण सांगवान सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।