अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
नगर निगम में नए ज्वाइंट कमिश्नर (जेसी) जयबीर यादव ने आते ही टेक्निकल ब्रांच में हड़कंप मचा दिया। ज्वाइंट कमिश्नर ने सड़कों की मॉनीटरिंग करते समय ऐसी सख्ती बरती कि ठेकेदारों और अधिकारियों को पसीने आ गए। उन्होंने खुद फीता उठाया और बोले मॉनीटरिंग वाली सड़कों की पैमाइश करवाओ।
इतना कहते ही टेक्निकल विंग के अधिकारी घबरा गए। कहीं पोल न खुल जाए, इसको लेकर टालमटोल करते नजर आए, लेकिन इसके बावजूद ज्वाइंट कमिश्नर ने कई गलियों की खुद फीता उठाकर पैमाइश की। मौके पर कई सड़कों के निर्माण में खामियां मिलीं। ज्वाइंट कमिश्नर ने इन कमियों को दूर करने की बात कही है और कहा है कि पेमेंट तभी होगी, जब काम ठीक हो जाएगा।
जेसी बोले, हर सड़क करूंगा चेक, मुझे क्वालिटी चाहिए
ज्वाइंट कमिश्नर जयबीर यादव ने मौके पर मौजूद स्टाफ और ठेकेदार से कहा कि अब एक-एक सड़क की पैमाइश होगी। सभी सड़कों पर फीता मारने के बाद ही मॉनीटरिंग पर हस्ताक्षर होंगे। जहां कहीं कमी मिलेगी, उसी काम की पेमेंट रोक दी जाएगी। कोई खामियां बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ठेकेदार एसोसिएशन जेसी से मिली
ठेकेदार एसोसिएशन पेमेंट मामले को लेकर प्रधान हरज्ञान सिंह ख्यालिया के नेतृत्व में ज्वाइंट कमिश्नर से मिली। ज्वाइंट कमिश्नर को प्रधान ने कहा कि पिछले कई महीनों से उनकी पेमेंट रुकी हुई है। दिवाली सिर पर है, लेबर को पेमेंट भी देनी होती है। जिन दुकानों से माल उधार में आया है, उनका भी निर्धारित समय पर हिसाब-किताब करना होता है। आपको जो मॉनीटरिंग करनी है, वो जल्द करें और ठेकेदारों की पेमेंट करवाएं। इस पर ज्वाइंट कमिश्नर ने जल्द मॉनीटरिंग करने का आश्वासन दिया। मिलने वालों में वरुण, मुकेेश बंसल, हरपाल, शीशपाल सहित कई कांट्रेक्टर शामिल थे।
टेक्निकल विंग कार्यों की तरफ ध्यान नहीं दे रही। केवल दिखाने लिए टाइलों की स्ट्रैंथ और मैटीरियल सही होने की बात बोल देते हैं। कहीं रोड़ा कम होता है, उसे एडजेस्ट कर दिया जाता है। मगर टेक्निकल रूप से ठेकेदार काम ठीक नहीं कर रहे। अच्छी तरह से लेवलिंग नहीं हो पाती। रोड बनाते समय रोलर भी अच्छी तरह से नहीं चलवाया जाता। इस कारण सड़क बैठ जाती है। आजाद नगर में पार्षद हाउस की मीटिंग में भी मुद्दा उठा चुके हैं कि उनके वार्ड में जितनी भी सड़कें बनी हैं, सभी धंसी हुई हैं। अधिकारियों ने इस पर आज तक कोई कदम नहीं उठाया।
डोगरान मोहल्ले में ठेकेदार बिना रोलिंग के बना रहा था सड़क
डोगरान मोहल्ले में सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। हाल ही में ठेकेदार ने वहां पर रोड़ी डलवा दी और इसके बाद बिना रोलर चलवाए ही टाइलें लगवाना शुरू कर दिया। इस पर दुकानदारों ने शिकायत कर दी। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और काम रुकवाया था। काम रुकवाने के बाद ठेकेदार रोलर लेकर आया था।