लाडवा में कोरोना योद्धाओं को वैक्सीन लगाते चिकित्सक।
- फोटो : Hisar
हिसार। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को 31 जगहों पर टीकाकरण बूथ बनाए गए थे, जहां पर 1269 लाभार्थी टीका लगवाने पहुंचे। विभाग ने 2748 का लक्ष्य रखा था। जावा चाइल्ड केयर में लक्ष्य से अधिक टीकाकरण हुआ। इस अस्पताल में 46 लाभार्थियों ने टीकाकरण करवाया, जबकि लक्ष्य केवल 12 था, जबकि जिला नागरिक अस्पताल में बुधवार को 34 लाभार्थियों ने टीकाकरण करवाया।
जिला स्वास्थ्य विभाग की तरफ से बुधवार को टीकाकरण के लिए जिले की बाकी 10 पीएचसी को भी टीकाकरण केंद्र बना दिया। इन्हें मिलाकर अब पीएचसी स्तर पर 19 केंद्र हो गए हैं, जहां पर टीकाकरण हुआ। स्वास्थ्य विभाग टीका लगवाने से वंचित रहे लाभार्थियों की कोविन पोर्टल से छंटनी कर सूची तैयार की जा रही है। ऐसे में विभाग की ओर से दूसरे चरण के लाभार्थियों को भी टीकाकरण करवाने का मौका दिया जा सकता है।
छुट्टी की वजह से टीकाकरण कम हुआ
छुट्टी के चलते बुधवार को टीकाकरण कम हुआ। आंगनबाड़ी वर्कर और आशा वर्कर भी भय के कारण टीका लगवाने नहीं आ रही हैं। उनको भी प्रेरित किया जाएगा। हमारी ओर से ऐसे लाभार्थियों की सूची तैयार की जा रही है, जो टीका लगवाने से वंचित रहे हैं। उनको एक और मौका दिया जाएगा।
डॉ. जितेंद्र शर्मा, डिप्टी सीएमओ, हिसार।