हिसार जीजेयू में जिला स्तरीय कुम्हारों सम्मानित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा को स्म
हिसार। हरियाणा सरकार की ओर से कुम्हार/प्रजापति समुदाय के पारंपरिक व्यवसाय को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। इसके तहत हिसार जिले के 97 गांवों के 23,811 परिवारों को कुल 144 एकड़ 6 कनाल 10 मरले भूमि पर मिट्टी खनन का अधिकार प्रदान किया गया है।
जिलास्तरीय कार्यक्रम बुधवार को गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) के सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे। वहीं, राज्यस्तरीय मुख्य कार्यक्रम कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हुआ।
मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि यह पहल न केवल रोजगार सृजन की दिशा में मील का पत्थर है, बल्कि इससे पारंपरिक कुम्हार शिल्प और सांस्कृतिक धरोहर को भी संरक्षित करने में मदद मिलेगी।
यह योजना इन परिवारों को आत्मनिर्भर बनाएगी और उनके पारंपरिक हुनर को आर्थिक रूप से लाभदायक बनाएगी। योजना से जुड़े परिवारों को अब मिट्टी खनन के लिए वैध अधिकार प्राप्त हो गए हैं, जिससे उन्हें पारंपरिक कुम्हार व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहयोग मिलेगा। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, हिसार जिलाध्यक्ष आशा खेदड़, हांसी जिलाध्यक्ष अशोक सैनी आदि मौजूद रहे।