हिसार। मतदाता सूची को नए सिरे से खंगालने की प्रक्रिया के दौरान हिसार-हांसी जिले के 2.83 लाख मतदाताओं के पते पर निर्वाचन कार्यालय का नोटिस पहुंचा है। इनमें से 2.33 लाख मतदाता जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए अपनी पहचान का प्रमाण दे चुके हैं जबकि करीब 50 हजार की सुनवाई बाकी है।
नोटिस का जवाब देने के लिए 30 अक्तूबर तक का समय है। इसके बाद भी जवाब नहीं देने वालों को निर्वाचन कार्यालय की ओर से दोबारा रिमाइंडर भेजा जाएगा।
मतदाताओं की सुविधा के लिए शनिवार से दो दिवसीय शिविरों की शुरुआत हुई। अमर उजाला टीम ने निर्वाचन कार्यालय की ओर से बूथों पर लगाए गए शिविरों की पड़ताल की। इसमें सामने आया कि करीब 70 प्रतिशत मतदाता 2002 की मतदाता सूची में नाम नहीं होने या नाम की स्पेलिंग में गलती के कारण मिले नोटिस का जवाब देने पहुंचे।
एसआईआर के तहत मतदाताओं को सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने, संशोधन और स्थानांतरण के लिए दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया। मतदान केंद्रों पर बीएलओ सुबह 9 से शाम 5 बजे तक मौजूद रहे। 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के ऐसे युवा, जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है वह फार्म-6 भरकर नाम दर्ज करा सकते हैं।
कहां-क्या रही स्थिति :
सूर्य नगर राजकीय प्राथमिक पाठशाला में बूथ पर नौ मतदाता पहुंचे। इनमें चार के नाम की स्पेलिंग में गड़बड़ी, तीन के बिहार से हिसार वोट स्थानांतरण और दो के पिता के नाम में मिसमैच को लेकर नोटिस था। अर्बन एस्टेट-2 सामुदायिक केंद्र में बूथ नंबर 109 पर बीएलओ बिजेंद्र और बूथ नंबर 110 पर बीएलओ सुशील कुमार ने सुनवाई की। संगीता यादव अपने दस्तावेज लेकर पहुंचीं। उनके पिता का नाम 2002 की सूची में नहीं मिल रहा था। जयदेव की ढाणी के बूथ नंबर 104 पर बीएलओ राजकुमार ने बताया कि करीब 300 मतदाताओं को नोटिस दिए गए थे। इनमें 219 के जवाब आ चुके हैं। 81 मतदाताओं से दोबारा संपर्क किया जा रहा है और मोबाइल पर संदेश भी भेजे जा रहे हैं।
1.03 लाख मतदाताओं की रिकॉर्ड मैपिंग नहीं :
एसआईआर के दौरान 1.03 लाख ऐसे मतदाता मिले जिनकी वर्ष 2002 की मतदाता सूची से रिकॉर्ड मैपिंग नहीं हो सकी। ऐसे मतदाताओं को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज जमा कराने का अवसर दिया गया है। इसके अलावा 1.80 लाख मतदाताओं के रिकॉर्ड में नाम, पिता के नाम, पते सहित अन्य विवरणों में त्रुटियां मिली हैं जिन्हें अब निर्धारित प्रक्रिया के तहत ठीक कराया जा सकता है।
पत्नी सुनीता शर्मा और बेटे उमेश शर्मा के वोट को लेकर नोटिस दिया गया था। हमने उनके दस्तावेज जमा करा दिए हैं। दूसरी बार आया हूं। पहली बार आया था तो दस्तावेज में कुछ कमी रह गई थी।
भीम शर्मा, मतदाता
नोटिस के बाद दस्तावेज जमा करा चुकी हूं। मेरे पास रिहायशी प्रमाण पत्र नहीं है। पुराने दस्तावेज नहीं मिल रहे। अपनी पेंशन का कार्ड कर्मचारी स्वीकार नहीं कर रहे हैं। 2002 की वोटर लिस्ट के बारे में हमें पता नहीं है।
स्वर्ण कुमारी, मतदाता -
वर्जन
हांसी- हिसार जिले में 2.83 लाख मतदाताओं को नोटिस दिए गए थे। अब तक 2.33 लाख मतदाताओं के जवाब मिल चुके हैं। करीब 50 हजार मतदाताओं की सुनवाई बाकी है। जिन मतदाताओं ने अभी तक सुनवाई पर अपना पक्ष नहीं रखा उनसे बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) दोबारा से संपर्क कर रहे हैं। 30 अक्तूबर तक मतदाता सूची को तैयार कर लिया जाएगा।
जगदीप सिंह, निर्वाचन तहसीलदार, हिसार
-