जिले में करीब 7 माह बाद बुधवार को कोरोना ने एक बार फिर 200 का आंकड़ा पार कर लिया। इससे पहले 18 सितंबर 2020 को पहली बार 227 कोरोना केस मिले थे। बुधवार को 45 विद्यार्थियों सहित 221 कोरोना संक्रमित मरीज मिले, जो इस साल में सबसे अधिक केस मिलने का रिकॉर्ड है। इसके अलावा जिले में चार मरीजों की कोरोना से मौत हुई है। इनको मिलाकर कोविड-19 मौत का आंकड़ा 346 हो गया है।
इसके साथ-साथ हिसार जिला प्रदेश भर में कोरोना आंकड़ों के मामले में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। अब तक जिले में कोरोना केस से लेकर कोविड-19 मौत तक प्रदेश के केवल दो जिलों को छोड़कर बाकी जिलों के मुकाबले सबसे अधिक हैं। इसके बाद चौथे स्थान पर सोनीपत जिले का नंबर आता है, जबकि पहले स्थान पर गुरुग्राम तो दूसरे स्थान पर फरीदाबाद है। अबकी बार शुरू से ही ज्यादातर महिलाएं और विद्यार्थी संक्रमित मिल रहे हैं।
बेकाबू होते जा रहे हालात
जिले में प्रतिदिन कोरोना से हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। इसे देखते हुए जिला नागरिक अस्पताल प्रशासन ने आइसोलेशन वार्ड को बढ़ा दिया है। अब आइसोलेशन वार्ड में पहले की तरह 60 आइसोलेशन बेड बना दिए हैं, जिस कारण वार्ड 11 को एक बार फिर आइसोलेशन वार्ड में तब्दील कर लिया गया है। इसके अलावा वार्ड में एक की बजाय 2 स्टाफ नर्स की ड्यूटी लगाई गई है, क्योंकि वार्ड के बढ़ने से काम भी बढ़ गया है। इससे पहले आइसोलेशन वार्ड में 30 बेड थे, जो कोरोना केस कम होते देख घटाए गए थे।
8 नए मरीज हुए दाखिल : नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में बुधवार को 8 नए संक्रमित मरीज दाखिल किए गए हैं। अब वार्ड में कुल 20 मरीज दाखिल हैं, जिनमें से 5 मरीज ऑक्सीजन पर हैं। अभी अस्पताल में ऑक्सीजन की सामान्य खपत है, लेकिन मरीजों की संख्या बढ़ने से यह बढ़ सकती है।
रिकवरी रेट लगातार गिर रहा नीचे : कोरोना केस बढ़ने के कारण ठीक होने वाले मरीजों का रिकवरी रेट लगातार नीचे गिर रहा है, जो अब घटकर 92.05 प्रतिशत हो गया है। यह भी स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंताजनक है। अब जिले में कुल संक्रमित मरीज 18854 हो गए हैं। इसके चलते सक्रिय मरीजों का आंकड़ा भी एक हजार को पार कर गया है, जो अब 1156 पर पहुंच गया है।
यह है मृतकों की हिस्ट्री : विभाग द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार लाजपत नगर निवासी 83 वर्षीय बुजुर्ग का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां पर उपचार के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई, मगर विभाग द्वारा बुधवार को इसे अपडेट किया गया है। मृतक बुजुर्ग ब्रेन ट्यूमर और सांस की बीमारी सहित अन्य बीमारी से ग्रस्त था और वेंटिलेटर पर उपचाराधीन था। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के कोविड-19 नोडल अधिकारी सीएमओ डॉ. राजीव चौहान ने बताया कि बुधवार को दो मरीजों की कोरोना से मौत हुई है। इनमें एक हिसार शहर की रहने वाली 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला और दूसरा कालीरावण गांव का व्यक्ति शामिल हैं। इनके अलावा एक और मौत की सूचना है लेकिन विभाग द्वारा फिलहाल तीन मौतों को अपडेट नहीं किया गया है।
ये मिले संक्रमित : डिप्टी सीएमओ डॉ. जया गोयल के अनुसार बुधवार को मिले संक्रमितों में गुजवि से दो एवं हकृवि से नौ विद्यार्थी सहित 45 विद्यार्थी, 37 घरेलू कामकाजी महिलाएं, हकृवि से वैज्ञानिक, कर्मी, कुक, स्टाफ नर्स, 1 साल का बच्चा, बालाजी अस्पताल के चिकित्सक सहित तीन चिकित्सक, वकील, जन स्वास्थ्य विभाग का अधिकारी, जेएसएल का सहायक प्रोफेसर, गुजवि से प्रोग्रामर एवं महिला, आर्किटैक्ट, बिजली कर्मी, एस्ट्रोलॉजर, स्वास्थ्य कर्मी, गुजवि से अध्यापक सहित सात, दो बैंक कर्मी एवं स्कूूल कर्मी शामिल हैं।
19 मिले अज्ञात : बुधवार को आई रिपोर्ट में 19 मरीज अज्ञात मिले हैं, जिनका अभी तक विभाग को कोई सुराग नहीं लगा है। इनकी पहचान के लिए विभाग द्वारा तलाश की जा रही है।
सीएमओ से स्टाफ की मांग : अब कोरोना केस भी काफी बढ़ गए हैं। ऐसे में संक्रमित मरीजों की रिपोर्टिंग करने और कंटेनमेंट जोन बनाने के लिए विभाग के पास स्टाफ की कमी है। इसके चलते मंगलवार और बुधवार को कंटेनमेंट जोन नहीं बन पाए। कंटेनमेंट जोन के न बनने से संक्रमण फैलने की आशंका हो सकती है, इसलिए आईडीएसपी विभाग की ओर से सीएमओ से स्टाफ की मांग की गई है ताकि काम करने में आसानी हो।
अन्य स्वास्थ्य सेवाएं भी जारी रखने के आदेश : हेड क्वार्टर पंचकूला से उच्च अधिकारियों ने मीटिंग के दौरान कहा कि अस्पताल की बाकी स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखनी है, जो बंद नहीं होगी। इसे ज्यादा गंभीर नहीं बनाना है। सरकार पूरी तरह से तैयार है और सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं।