अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। परिजनों पर ऑनर किलिंग करने का आरोप लगाकर अपनी जान से खतरा बताकर पुलिस अधीक्षक से सुुरक्षा मांगने पहुंची छात्रा को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया। बरवाला थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को छात्रा व उसके परिजनों को थाने में बुलाया गया था।
परिजनों के साथ गांव के काफी सारे लोग आऐ थे। ग्रामीणों ने कहा कि छात्रा के साथ उनके घर में ऐसा कुछ भी नहीं हो रहा है। छात्रा की ओर से लगाए गए आरोप गलत हैं। गांववालों व परिजनों ने बताया कि उनकी लड़की पिछले कुछ समय से मानसिक रुप से परेशान चल रही है। इसी परेशानी के चलते उसने स्कूल जाना भी बंद कर दिया है। परिजनों ने छात्रा को अपने साथ घर ले जाने की बात कही लेकिन छात्रा ने घर जाने से मना कर दिया। छात्रा ने कहा कि वह अपने परिवार के साथ नही रहना चाहती उसे परिवार से दूर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए। थाना प्रभारी के अनुसार छात्रा को उसकी इच्छानुसार सुरक्षित स्थान वन स्टाप सेंटर भेज दिया गया है। बुुधवार को छात्रा की चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। जिसके बाद लड़की को उसके घर या वन स्टॉप सेंटर में रखने पर फैसला होगा।
छात्रा की काउंसिलिंग करवाई जाएगी। 12 वीं कक्षा की छात्रा ने सोमवार को हिसार पुलिस अधीक्षक मनीषा चौधरी को शिकायत दी थी। जिसमें छात्रा ने अपने परिजनों पर उसे जान से मारने की कोशिश करने उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था। छात्रा के अनुसार उसके परिजन उसे मारना चाहते हैं इसलिए उसकी रक्षा की जाए।