अमर उजाला ब्यूरो
हांसी।
अपनी मांगों को लेकर रोड पर उतरे श्याम भक्तों की आस्था के आगे सोमवार को पुलिस प्रशासन मान गया। पहले मित्र मंडल व व्यापारियों ने एसपी से मुलाकात कर अपने मांगें रखी। वहां हुई बातचीत के बाद डीएसपी नरेंद्र कादयान व विजेंद्र सिंह ने धरने पर पहुंचकर श्याम भक्तों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरने को समाप्त किया गया। श्री श्याम मंदिर में हुई लाखों की चोरी के मामले में हांसी बंद को लेकर श्याम भक्तों व व्यापारियों का अनूठा प्रदर्शन देखने को मिला। शहर बंद को लेकर श्याम भक्त रोड पर उतर आए, जहां महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने भजन कीर्तन गाकर शहर के विभिन्न बाजारों में शक्ति प्रदर्शन किया। हांसी बंद के आह्वान के बावजूद जिन दुकानदारों ने दुकानें खुली हुई थी, श्रद्धालुओं की आस्था को देखकर उन्होंने भी अपनी दुकानें बंद कर दी।
कारगर साबित हुआ श्याम भक्तों का शक्ति प्रदर्शन
हांसी बंद को लेकर शहर के अधिकतर क्षेत्र बंद रहे। नगर के मुख्य प्रताप बाजार, सदर बाजार, चौपटा बाजार, दिल्ली गेट, बड़सी गेट, पुराना बस स्टैंड रोड सहित अनेक क्षेत्रों में दुकानें बंद रही। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग व श्री श्याम मित्र मंडल के प्रधान जगदीश मित्तल ने स्वयं शक्ति प्रदर्शन का नेतृत्व कर मोर्चा संभाला। वहीं सब्जी मंडी, ऑटो मार्केट व एसडी कॉलेज मार्केट की दुकानें खुली भी रही। इसके अलावा भी नगर के विभिन्न क्षेत्रों में कई दुकानें खुली रही। लेकिन इन सबके बीच श्रद्धालुओं व व्यापारियों का शक्ति प्रदर्शन कारगार साबित हुआ। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने भजन गाए व पुरुष श्रद्धालुओं ने श्याम बाबा के जयकारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान लोगों की आस्था को देखते हुए जिन दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोल रखी थी, उन्होंने भी दुकानें बंद कर ली। वहीं शहर में दुकानें बंद करवाने व खुलवाने को लेकर भी लोग अपने-अपने स्तर पर प्रयास कर रहे थे।
दुकानें बंद करवाने को लेकर एसडी कॉलेज मार्केट में हुआ हंगामा
एसडी कॉलेज मार्केट में इस मुद्दे को लेकर हंगामा भी हो गया। जब क्षेत्र के दुकानदारों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता शमशेर मलिक ने जबरदस्ती अपने साथियों के साथ मिलकर दुकानें बंद करवाने का प्रयास किया। पुलिस को दी शिकायत में दुकानदार शैम्पी ने कहा है कि मलिक ने अपने साथियों के साथ मिलकर जबरदस्ती दुकानें बंद करवाने का प्रयास किया। हंगामे की सूचना मिलने पर सिटी थाना प्रभारी उदयभान मौके पर पहुंचे व मामले को शांत करवाया। मौके पर आधे घंटे तक हंगामा होता रहा।
वहीं दोपहर को डीएसपी नरेन्द्र कादयान व डीएसपी विजेन्द्र सिंह धरना स्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने श्याम भक्तों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। डीएसपी नरेन्द्र कादयान ने कहा कि शीघ्र ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे और जहां तक व्यापारियों पर केस दर्ज किए जाने का सवाल है, जैसा कमेटी ने निर्णय लिया है, वैसा ही होगा। पुलिस इस मामले में अपनी कार्रवाई करेगी। इस बीच प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि पुलिस कार्रवाई शब्द की बजाए केस वापस लेने की बात कहे, जिस पर डीएसपी ने कहा कि केस विड्रा करने की पावर कोर्ट को होती है, इसके लिए पुलिस कोर्ट में सिफारिश कर सकती है। पुलिस प्रशासन के आश्वासन के बाद धरना उठाने पर सभी व्यापारियों व श्याम भक्तों की सहमति बन गई। व्यापारियों ने यह भी कहा कि अगर दर्ज किए गए मामले वापस नहीं लिए गए तो उन्हें दोबारा आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ेगा। इस मौके पर सर्व व्यापार मंडल के प्रधान बजरंग बंसल, संयोजक प्रवीन तायल, महासचिव राजीव शर्मा, सरदार कृष्ण इलावादी, श्री बाला जी रेहड़ी यूनियन के प्रधान हरीश भुटानी, अजय भारद्वाज सहित काफी संख्या में महिलाएं श्रद्धालु उपस्थित थी।
---
वर्जन
चोरी के माल की बरामदगी व दर्ज किए गए केस वापस लेने की मांग को लेकर एसपी से मुलाकात की थी। एसपी के समक्ष अपनी मांग रखी गई, जिस पर एसपी ने मांगें मानने का आश्वासन दिया। इसके बाद डीएसपी ने मौके पर पहुंचकर आश्वासन दिया कि पुलिस जल्द चोरों को गिरफ्तार करेगी व दर्ज किए गए केस वापस लेने में कोर्ट में अपील करेगी।
- जगदीश मित्तल, प्रधान श्री श्याम मित्र मंडल, हांसी
----------
श्याम भक्तों पर झूठे केस बनाने के विरोध में हांसी बंद ऐतिहासिक रहा जिसमें हर ट्रेड व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद कर हांसी बंद की मुहिम का समर्थन किया।
- बजरंग दास गर्ग, प्रांतीय अध्यक्ष, प्रदेश व्यापार मंडल
----------
वर्जन
मामले को लेकर सोमवार को पुलिस ने कड़ी निगरानी रखी हुई थी। खास तौर पर पेट्रोल पंप पर कर्मी तैनात किए गए थे। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- उदयभान, सिटी थाना प्रभारी, हांसी
सड़कों पर उतरे श्याम भक्तों की आस्था के आगे झुका प्रशासन, मांगें मानी
श्रीश्याम मंदिर में हुई लाखों की चोरी का मामला, हांसी रहा बंद
अपनी मांगों को लेकर श्याम भक्तों और व्यापारियों ने किया अनूठा प्रदर्शन
- महिलाओं ने प्रदर्शन के दौरान गाए भजन, पुरुषों ने लगाए श्याम बाबा के जयकारे
केस खारिज करने को लेकर डीएसपी ने बोले- पुलिस कोर्ट में करेगी अपील