अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। आयकर विभाग की टीम ने सोमवार को शहर के दो प्राइवेट अस्पतालों पर सर्वे की कार्रवाई की। टीम दोपहर बाद शहर पहुंची। तोशाम रोड स्थित साईं अस्पताल और डाबड़ा रोड स्थित शांति अस्पताल में एक साथ सर्वे की कार्रवाई शुरू की। सोमवार देर रात तक सर्वे की कार्रवाई जारी थी। अब तक टीम शहर में पांच संस्थानों में सर्वे की कार्रवाई कर चुकी है।
जानकारी के अनुसार विभाग की टीम प्रधान आयकर आयुक्त निरंजन कोहली के नेतृत्व में पहुंची। टीम में संयुक्त आयकर आयुक्त हेमंत और राजेश कुमार सहित करीब 12 सदस्य शामिल थे। टीम ने अस्पतालों में पहुंचते ही किसी के भी बाहर या अंदर आने-जाने पर रोक लगा दी। इस दौरान दोनों अस्पतालों में टीम सदस्यों ने कागजात की जांच की और कुछ कागजात को जांच के लिए अपने कब्जे में भी लिया। देर रात समाचार लिखे जाने तक टीम की कार्रवाई जारी थी।
हिसार में अब तक पांच संस्थानों पर हो चुका सर्वे
दोनों अस्पतालों को मिलाकर हिसार में अब तक पांच संस्थानों में आयकर विभाग की सर्वे कार्रवाई हो चुकी है। सबसे पहले तनिष्क के शोरूम पर सर्वे की कार्रवाई हुई थी। इसके बाद सर्वोदय अस्पताल और फिर नई अनाज मंडी में सुशील कुमार मुनीष कुमार फर्म पर आयकर विभाग ने सर्वे की कार्रवाई की थी।