अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्रीश्री रविशंकर सोमवार शाम को हिसार पहुंच गए। उन्होंने गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार के आवास पर सत्संग भी किया। कुलपति की पत्नी ने उनका तिलक लगाकर स्वागत किया। इस दौरान सत्संग में श्रीश्री रविशंकर ने लोगों को खुश रहने के लिए प्रेरित किया। श्रीश्री रविशंकर मंगलवार को जीजेयू से ही ड्रग फ्री इंडिया अभियान की शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम में उनके साथ राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य और मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा कॉमेडियन कपिल शर्मा, अभिनेता वरुण शर्मा सहित कई सेलिब्रिटी भी कार्यक्रम में रहेंगे।
आठ साल बाद हिसार आए हैं श्रीश्री रविशंकर
अध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर आठ साल बाद हिसार में पहुंचे हैं। इससे पहले उन्होंने साल 2011 में हिसार का दौरा किया था। तब पुराना राजकीय कॉलेज मैदान में उनका कार्यक्रम हुआ था। मंगलवार के कार्यक्रम में गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी द्वारा श्रीश्री रविशंकर को डॉक्टरेट की मानद उपाधि भी दी जाएगी। सुबह 10 बजे कार्यक्रम शुरू होगा।