अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। पत्रकार छत्रपति की मौत के मामले में राम रहीम की पेशी के चलते हिसार हालांकि संवेदनशील क्षेत्रों में नहीं था, लेकिन फिर भी जिला पुलिस दिनभर अलर्ट रही। सुबह से ही शहर के चारों ओर प्रवेश स्थानों पर पुलिस ने नाके लगाकर वाहनों की चेकिंग की। हांसी से हिसार में प्रवेश करने से पहले रामायण गांव के समीप बने टोल टैक्स बैरियर पर पुलिस की टीमें मौजूद रहीं और शहर में आने वाले वाहनों की गहनता से जांच की।
जिले में राम रहीम के समर्थकों की संख्या 25 हजार से अधिक हैं। शहर में उनका कोई डेरा नहीं है, लेकिन जिले में एकमात्र डेरा नारनौंद क्षेत्र के गढ़ी गांव में बना हुआ है। शुक्रवार को यहां भी शांति रही और डेरा दिनभर सुनसान रहा और पुलिस भी गश्त करती रही। इधर, शहर में पुलिस की पीसीआर, राइडर के साथ सभी थानाध्यक्ष और चौकी इंचार्ज भी अपने क्षेत्रों में गश्त करते रहे। सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की गाड़ियां बार-बार चक्कर लगा रही थीं।
अदालत के फैसले पर टिकी रहीं निगाहें
राम रहीम के समर्थकों की निगाहें अदालत के फैसले पर टिकी रही। हालांकि उनके इकट्ठे होने की कोई सूचना नहीं लग पाई। अदालत के फैसले में राम रहीम को दोषी ठहराए जाने के बाद पुलिस कर्मचारियों को एक बार फिर अलर्ट की सूचना दी गई। हालांकि पुलिस को इस तरह की कोई भनक नहीं लगी कि समर्थक कहीं एकत्रित हुए हों। समर्थक न्यूज चैनलों के जरिये ही फैसले के बारे में जानकारी लेते रहे। पुलिस के गुप्तचर विभाग की टीमें भी इस बात का पता लगाने में जुटी रहीं कि समर्थक कहीं इकट्ठे होने की योजना तो नहीं बना रहे हैं। इसको लेकर पुलिस की साइबर टीम भी दिनभर सोशल मीडिया पर नजरें गड़ाए हुए थीं कि कहीं कोई ऐसा मैसेज न वायरल हो, जिससे स्थिति बिगड़ने के हालात पैदा हो जाएं।
ट्रैफिक पुलिस भी रही चौकन्नी
ट्रैफिक पुलिस भी दिनभर चौकन्नी रही और चौक-चौराहों पर दिनभर वाहन चालकों की चेकिंग करती रही। वाहन चालकों के चालान भी काटे गए। हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालकों को भी रुकवा कर उनके कागजात चेक किए गए। लघु सचिवालय में प्रवेश करने वाले वाहनों की भी चेकिंग की गई।
सभी डीएसपी, थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज पहले से ही अलर्ट थे। कई ऐसे प्वाइंट्स थे, जहां समर्थकों के इकट्ठा होने का अंदेशा था, वहां पुलिस तैनात थी। कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस सफल रहेगी। जब तक फैसला नहीं आ जाता, ये अलर्ट जारी रहेगा। डेरे की मीडिया प्रभारी शोभा ने ट्वीट करके कहा था कि कोई भी समर्थक सोशल मीडिया पर हिंसा न फैलाए, फिर भी पुलिस पूरी तरह से तैयार थी।
-अमरजीत सिंह कटारिया, डीएसपी सिटी, हिसार