अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
रोडवेज का सफर करने वाले यात्रियों को शुक्रवार को परेशानी रहेगी। फाग के त्योहार के कारण रोडवेज की 90 प्रतिशत सेवाएं बंद रहेंगी। शाम चार बजे के बाद लंबे रूटों पर कुछ बसों को बहाल किया जाएगा।
यातायात प्रबंधक सुधीर सहरावत ने बताया कि दोपहर दो बजे के बाद अगर माहौल सामान्य हो जाता है तो कुछ बसें चला दी जाएंगी। लोकल रूटों पर रोडवेज सेवा बिल्कुल बंद रहेगी। लंबे रूटों पर अगर सवारी ज्यादा आ जाती हैं तो रोडवेज अधिकारियों की सहमति से बस चला दी जाएगी।
ट्रेन का विकल्प अपनाएं
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्रतिदिन की तरह रेल गाड़ियां सुचारु रूप से जारी रहेंगी। यात्रियों की सुविधाओं को मद्देनजर रखते हुए रेलगाड़ी जारी रहेंगी।
स्किन स्पेशलिस्ट, आई स्पेेशलिस्ट ऑनकाल रहेंगे उपस्थित
नागरिक अस्पताल में ओपीडी सेवाएं पूरी तरह से बंद रहेंगी। शुक्रवार को आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। आपातकालीन वार्ड में चिकित्सकों की संख्या दोगुनी कर दी गई है। स्किन स्पेशलिस्ट, आई स्पेेशलिस्ट सहित अन्य चिकित्सक ऑनकाल उपस्थित रहेंगे। जरूरत पड़ने पर नागरिक अस्पताल चिकित्सक पहुंचेंगे।
बिना वजह पानी बर्बाद न करें : एसडीओ
सामान्य दिनों की तरह से पानी की आपूर्ति रहेगी। लोगों से अनुरोध है कि पानी को जरूरत के अनुसार ही उपयोग करें। बिना वजह पानी बर्बाद न करें। राजकुमार, एसडीओ जन स्वास्थ्य विभाग