अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
बजट में हिसार के लिए सबसे बड़ी घोषणा हिसार एयरपोर्ट को उड़ान स्कीम में शामिल करना रही। उड़ान स्कीम के तहत चुने गए एयरपोर्ट की दूसरी लिस्ट में हिसार को शामिल किया गया है। पिछले सप्ताह नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से यह लिस्ट जारी की गई थी। इस पर बजट में मुहर लगाने का काम किया गया।
उड़ान स्कीम के तहत हिसार एयरपोर्ट से भी हवाई यात्रा शुरू हो सकेंगी। इसके लिए बजट में एलान किया गया है। जिन नए 56 एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं शुरू करने का एलान किया गया, इनमें हिसार एयरपोर्ट से चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए उड़ान शुरू की जाएंगी। एक निजी कंपनी को यह उड़ान का जिम्मा सौंपा जाएगा। पिछले बजट में भी हिसार से उड़ान को लेकर नाम शामिल किया गया था। अंतिम चरण में हिसार का नाम लिस्ट से हटा दिया गया था। हिसार एयरपोर्ट की वर्तमान 4500 फुट लंबी हवाई पट्टी से छोटे 20 सीटर तक के विमान उड़ान भर सकते हैं। इससे बड़े हवाई जहाज के लिए पट्टी की लंबाई बढ़ानी होगी। इसके लिए हरियाणा सरकार ने केंद्र को प्रस्ताव भेजा हुआ है।
रेलवे ने तोड़ी उम्मीदें
रेलवे बजट से हिसार को काफी उम्मीदें थीं। इस साल हिसार की वाशिंग लाइन शुरू हो जाएगी। ऐसे में हिसार को लंबी दूरी की गाड़ियां मिलने की काफी उम्मीदें थीं। इस बारे में रेल बजट में कोई एलान नहीं किया गया। हिसार से अग्रोहा रेलवे लाइन की मांग तीन दशक से अधूरी है। हिसार-हांसी-जींद रेलवे लाइन पर भी कोई एलान नहीं हुआ।
हाई स्पीड रेलवे का सपना.....
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पिछले महीने हिसार को हाई स्पीड रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की बात कही थी। इसके बाद हांसी-महम-रोहतक रेलवे लाइन काम तेजी से पूरा होने और इसके विद्युतीकरण की उम्मीदें थीं। इस पर बजट में चुप्पी है।
2015 के बजट में मिली वाशिंग लाइन.....
वर्ष 2015 के बजट में हिसार को वाशिंग लाइन मिली थी। तीन दशक पुरानी इस मांग को पूरा की गई थी। अक्तूबर 2015 में तत्कालीन रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने इसकी आधारशिला रखी थी। करीब सात करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट अब कंपलीट होने वाला है।
रेलवे स्टेशन पर वाई-फाई का काम अब तक शुरू नहीं
2016 के बजट में हिसार रेलवे स्टेशन को मॉडल रेलवे स्टेशन बनाने का एलान किया गया था। इसमें वाई-फाई लगाया जाना था। इसके अलावा यहां लिफ्ट लगाना भी मंजूर किया गया था। वाई-फाई का काम अब तक शुरू नहीं हो सका। लिफ्ट लगाने का करीब 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। 2017 के बजट में हिसार-हांसी-जींद रेलवे लाइन के सर्वे का एलान किया गया था। इसमें करीब 56 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन के लिए सर्वे होना था। बजट घोषणा के बाद इस पर काम आगे नहीं बढ़ाया जा सका।