हांसी। मथुरा से फतेहाबाद जा रही निजी बस से 20 किलो चांदी चोरी कर ली गई। चांदी की कीमत 40 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने फतेहाबाद के धर्मशाला रोड निवासी दीपक की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दीपक का सुनार का काम है। वह पहले भी ऐसे ही माल मंगवाता रहता है। होटल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध नजर आया है। पुलिस जांच में जुटी है।
सदर थाना एसएचओ पवितर सिंह के अनुसार, दीपक ने बताया कि उसका कारीगर नवीन आगरा में रहता है। बुधवार रात करीब एक बजे नवीन मथुरा से फतेहाबाद आ रहा था। बैग में एक पॉलिथीन में लपेटकर लगभग 20 किलो चांदी रखी थी। वीरवार सुबह करीब पौने छह बजे बस हिसार रोड पर हवेली रेस्टोरेंट के समीप रुकी। बस परिचालक ने यात्रियों को बताया कि बस 15-20 मिनट रुकेगी।
इसी दौरान नवीन लघुशंका के लिए बस से उतरा। वापस लौटने पर देखा तो बैग से चांदी गायब मिली। घटना के बारे में चालक को बताया तो उसने जवाब दिया कि सामान की जिम्मेदारी उनकी नहीं, सवारी की होती है।