अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। दिल्ली से आई डीजीसीए की टीम ने वीरवार को हिसार एयरपोर्ट का मुआयना किया। टीम ने करीब पांच घंटे तक अलग अलग बिंदुओं पर रिपोर्ट ली। टीम प्रशासन के कार्य से संतुष्ट नजर नहीं आई। टीम सदस्यों ने कहा कि दिल्ली मुख्यालय में अपनी रिपोर्ट जमा कराएंगे। 15 अगस्त से कामॅर्शियल फ्लाइट की संभावना नहीं है।
भारतीय विमानन प्राधिकरण की टीम वीरवार दोपहर करीब एक बजे हिसार पहुंची। दो सदस्यीय टीम ने एयरपोर्ट पर अधिकारियों के साथ मीटिंग कर रिपोर्ट मांगी। टीम ने करीब दो बजे से एयरपोर्ट का मुआयना शुरू किया। टीम ने सबसे पहले एयरपोर्ट के रनवे को जांचा। टीम के सदस्यों ने री कारपेट किए गए रनवे पर टेक्निकल टीम से काफी सवाल पूछे। स्थानीय अधिकारी इस बारे में जवाब नहीं दे सके। टीम ने एयरपोर्ट पर बनाए जा रहे हैंगर को लेकर भी निरीक्षण किया। टीम ने एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए सुरक्षा मानकों की जानकारी मांगी। एयरपोर्ट पर नियुक्त किए जाने वाले स्टाफ की जानकारी मांगी। कॉमर्शियल फ्लाइट के बारे में तकनीकी पहलुुओं पर ब्योरा मांगा। करीब पांच घंटे तक टीम अलग अलग हिस्सों में जांच करती रही। टीम के सदस्यों ने कहा कि वह मीडिया में बयान देने के लिए अधिकृत नहीं हैं। टीम ने कहा कि अभी कुछ तकनीकी बिंदुओं पर संतुष्ट नहीं हैं। दिल्ली जाकर अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। मुख्यालय की ओर से अंतिम फैसला लिया जाएगा।
विधायक पहुंचे एयरपोर्ट
डॉ. कमल गुप्ता ने एयरपोर्ट पहुंचकर अधिकारियों से ब्यौरा लिया। डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि हमारा फोकस 15 अगस्त को एयरपोर्ट का उद्घाटन कराने का है। जिसके लिए रनवे पूरी तरह से तैयार है। वीआईपी लांज भी बन चुका है। बकाया काम पूरा करने के लिए घंटों के हिसाब से डेडलाइन दी गई है।
अभी अधूरी हैं तैयारियां
अमर उजाला टीम ने एयरपोर्ट का मुआयना किया तो यहां अधिकतर काम अधूरे मिले। एयरपोर्ट के गेट पर मजूदर मिट्टी से पानी की लाइन के गड्ढे को बंद कर रहे थे। अंदर कुछ मजदूर छत पर बने फॉल सीलिंग को सेट करते नजर आए। जिसमें बिजली की फिटिंग का काम चल रहा था। कुछ कर्मचारी एयरपोर्ट पर लाए जाने वाले सामान की जांच के लिए लगाई जा रही एक्सरे मशीन को फिट करने में जुटे थे। जिससे सेट करने में तकनीकी खामियां आ रही थी। करीब दो घंटे तक कर्मचारी इस पर प्रयास करते रहे।
हैंगर भी अधूरे
एयरपोर्ट पर बनाए जा रहे तीन हैंगर का काम भी अधूरा है। जिसमें हैंगर की छत लगाया जाना बाकी है। यह काम किसी भी सूरत में 15 अगस्त तक पूरा होना संभव नहीं है। जानकारी के अनुसार हैंगर की छत के डिजाइन व कलर कोड को लेकर फाइनल फैसला नहीं हो सका है।
सुरक्षा इंतजाम अधूरे
एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर पुलिस बल की तैनाती नहीं हो सकी है। यहां महज 7 पुलिसकर्मी ही तैनात दिखे। यहां 96 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जानी है। जिसमें कुछ पुलिस कर्मियों को ट्रेनिंग कराई गई है।
बिजली निगम के काम लटके
एयरपोर्ट के पास से गुजरने वाली बिजली की लाइनों को हटाने का काम अधूरा है। बिजली को खंभों को गिराया गया है। जिनका विकल्प अभी तक नहीं दिया गया है।