अमर उजाला ब्यूरो
बरवाला (हिसार)।
गांव जेवरा में बुधवार शाम जोहड़ में डूबने से दो स्कूली बच्चों की मौत हो गई। राजकुमार का सातवीं कक्षा में पढ़ने वाला 12 वर्षीय आशीष और सतीश का 8वीं कक्षा में पढ़ने वाला आशीष बरसात में नहाते हुए जोहड़ गए थे।
पांव फिसलने से वे जोहड़ के गहरे पानी में बह गए और डूब गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को बाहर निकाला। दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए हिसार के सामान्य अस्पताल में रखे गए हैं। पुलिस ने भी घटना की सूचना पर कार्रवाई आरंभ कर दी है। बुधवार को गांव में बरसात हो रही थी। गली के कई बच्चे बरसात में नहा रहे थे, जो पास के जोहड़ की ओर चले गए। यहां पड़ोस में रहने वाले आशीष पुत्र राजकुमार और आशीष पुत्र सतीश का पानी में खेलते हुए पांव फिसल गया और जोहड़ में बह गए। दोनों बच्चों को डूबता देख अन्य बच्चे यह बताने के लिए घर की ओर दौड़े। सूचना पाकर काफी संख्या में ग्रामीण जोहड़ पर पहुंच गए। यहां युवकों ने बच्चों को जोहड़ में तलाश और बाहर निकाला। बेसुध हुए बच्चों को चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
बारिश में नहाते समय पैर फिसलने से गहरे पानी में बहे