अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सीएम फ्लाइंग ने बुधवार को आरटीए ऑफिस में छापा मारा। सीएम कार्यालय में गई शिकायत को लेकर फ्लाइंग ने ये कार्रवाई की। डीएसपी के नेतृत्व में टीम सुबह 11 से शाम साढ़े पांच बजे तक आरटीए कार्यालय का रिकॉर्ड खंगालती रही, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। पूरा दिन कार्यालय में हड़कंप मचा रहा। टीम आने की सूचना से पूरा दिन कार्यालय में एक भी दलाल नहीं फटका।
सिरसा रूट पर चल रही थीं बिना परमिट की प्राइवेट बसें, दो इंपाउंड
इंस्पेक्टर जगदेव ने बताया कि सिरसा रोड पर दो प्राइवेट बसें बिना परमिट के चल रही थीं। इन्हें मोटर व्हीकल एक्ट के तहत इंपाउंड किया गया है। इसके अलावा अन्य बसों की भी चेकिंग की।
सीएम कार्यालय में आरटीए कार्यालय में दलालों के मकड़जाल को लेकर काफी शिकायतें थीं, जिनमें ये था कि कोई काम आम आदमी सीधे नहीं करवा सकता। दलाल के माध्यम से काम हाथों हाथ हो रहे हैं। इसी शिकायत के आधार पर सीएम फ्लाइंट टीम ने प्रदेश भर में छापेमार कार्रवाई की।
ऑनलाइन हो रहा था काम
इंस्पेक्टर जगदेव ने बताया कि मौके पर जाकर रिकॉर्ड खंगाला गया। लगभग सारा काम ऑनलाइन हो रहा था। हर दिन करीब 50 फाइलें निकाली जा रही हैं, जिनमें लाइसेंस और आरसी दोनों हैं।
इस तरह की थीं शिकायतें
- दलालों के माध्यम से काम होना
- स्कूल बसों में कैमरे न होना, व बस के एंट्री, एग्जिट गेट पर कंडक्टर का न होना।
- पासिंग के दौरान बिना रसीद दिए पैसे लेना।
- सीधे यानी बिना दलाल के कोई सबमिट न करना।
- दलालों के माध्यम से जमा फाइल को पहले निकालना।
हमारी टीम सुबह 11 से शाम साढ़े पांच बजे तक रिकॉर्ड खंगाल रही है। कोई गड़बड़ी नहीं मिली है। यहां काम ऑनलाइन हो रहा है। पासिंग का बुधवार को दिन नहीं था। इसे देख नहीं पाए। -जगदेव, इंस्पेक्टर सीएम फ्लाइंग
सीएम फ्लाइंग ने आरटीए ऑफिस में छह घंटे खंगाला रिकॉर्ड