फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिसार से शुरू होगा पायलेट प्रोजेक्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
फोटो 85 व 86
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि हिसार जिले की सभी रेलवे लाइनों को फाटक मुक्त बनाया जाएगा। सभी फाटक पर आरओबी-आरयूबी बनाए जाएंगे। हिसार में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में सफलता मिलने के बाद इस प्रयोग को पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। रेलवे मैपिंग करवाते हुए ऐसे स्थानों को चिह्नित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार को लघु सचिवालय के सभागार में अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक के दौरान जिले की विकास परियोजनाओं, मुख्यमंत्री घोषणाओं, प्रशासनिक कामकाज की समीक्षा कर रहे थे। गंगवा से कैमरी रोड पर स्थित रेलवे लाइन पर आरयूबी बनाने के कार्य की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हिसार में सभी रेल लाइनों पर बने फाटकों को खत्म करके इन पर जरूरत के अनुसार आरओबी या आरयूबी बनाए जाएंगे। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को मैपिंग ऑफ रेललाइन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी उन सभी रास्तों को चिह्नित करें, जहां पर पुल बनाए जा सकें। इससे आसपास के कई गांवों को सीधा लाभ मिल सकेगा। हिसार में यह प्रयोग सफल होने पर इसे प्रदेश के सभी जिलों में लागू किया जाएगा।
विज्ञापन

सरसौद और बहबलपुर के लिए बनेगा स्माल अंडर पास
मुकलान गांव में अंडर पास बनाने के कार्य की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में राष्ट्रीय राजमार्गों पर बसे गांवों के लिए हर 3-4 किलोमीटर के बाद अंडर पास की सुविधा प्रदान की जाए। उन्होंने इस योजना में सरसौद और बहबलपुर को भी शामिल करते हुए इन गांवों में भी स्माल अंडर पास बनवाने को कहा, ताकि लोगों को राष्ट्रीय राजमार्ग पार करने के लिए नेशनल हाईवे पर न आना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं के लिए भूमि पाने के लिए सरकार ने ई-भूमि पोर्टल शुरू किया है, जिसके माध्यम से सरकार जमीन खरीदकर योजनाओं को समय पर पूरा करवाएगी।
15 अगस्त से अंबाला-गुरुग्राम 24 घंटे बिजली पाने जिले बनेंगे
मुख्यमंत्री ने म्हारा गांव जगमग गांव योजना की समीक्षा करते हुए बिजली निगम के एक्सईएन को निर्देश दिए कि बिजली चोरी पकड़वाने वाले व्यक्ति को इनाम जरूर दिया जाए, चाहे रिकवरी कभी भी हो। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने विभागों के कर्मचारियों को नियमित रूप से बिजली बिल भरने के लिए प्रेरित करें। इसके लिए वे प्रयोग के तौर पर बिजली बिल की अदायगी को वेतन जारी करने से भी जोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि लाइनलॉस खत्म करने पर पंचकूला के सभी गांवों को 24 घंटे बिजली मिल रही है। 15 अगस्त को अंबाला और गुरुग्राम भी इस योजना का लाभ लेने वाले जिले बनेंगे। इसके बाद सिरसा व यमुनानगर भी इस योजना का लाभ उठाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने आह्वान किया कि हिसार भी इस दिशा में पहल करे और बिजली की चोरी खत्म करके और सभी बिलों की अदायगी करके 24 घंटे बिजली पाने की योजना में शामिल हो। इस प्रकार का प्रयोग करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि यह मेरा ड्रीम प्रोजेक्ट है और इसे हर हाल में सफल बनाया जाएगा।
12वीं पास युवा भी सक्षम में शामिल होंगे
सक्षम युवा योजना की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस योजना के तहत पंजीकरण करवाने वाले हर युवा को काम उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस योजना में 12वीं तक के युवाओं को शामिल किया जाएगा। नगर निगमों में भर्ती गेट के माध्यम से की जाए जिसमें इंटरव्यू, लिखित परीक्षा या कर्मचारी चयन आयोग की जरूरत ही नहीं होगी।
स्लम बस्तियों में मोबाइल टॉयलेट के विशेष निर्देश
ओडीएफ अभियान की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले की सभी स्लम बस्तियों में मोबाइल शौचालय उपलब्ध करवाने के लिए श्रम विभाग को और अन्य क्षेत्रों के लिए नगर निगम को विशेष निर्देश दिए।
पालतू पशु को सड़क पर छोड़ा तो पांच हजार जुर्माना
स्ट्रे कैटल फ्री के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के सभी पालतू पशुओं की टैगिंग करवाई जाए, ताकि जब पशुपालक इन्हें सड़कों पर छोड़ें तो संबंधित मालिक का पता लग सके। पकड़े गए पालतू पशुओं को छोड़ने के लिए इसके मालिक पर पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया जाए। 15 अगस्त तक पूरे प्रदेश को लावारिस पशुओं से मुक्त किया जाएगा।
बुरी आदतें छोड़ने का संकल्प दिलाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 अगस्त 1942 को भारत छोड़ो आंदोलन शुरू किया गया था। इस साल से नौ अगस्त को संकल्प दिवस के रूप में मनाया जाए। इसके तहत स्कूली बच्चों को कोई अच्छी आदत शुरू करने अथवा बुरी आदत छोड़ने का संकल्प दिलवाया जाए।
विज्ञापन

ओवरलोड वाहनों पर करें सख्ती
राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी कोर्ट केस जल्द निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने ओवरलोड वाहनों पर सख्ती करने के भी निर्देश दिए। सीएम विंडो, महिला, बाल विकास, एसओपी, स्कूली शिक्षा सहित जिले में चल रहे एक करोड़ से अधिक राशि के सभी कार्यों की समीक्षा की। मीटिंग में विधायक डॉ. कमल गुप्ता, मुख्यमंत्री के ओएसडी कैप्टन भूपेंद्र सिंह, आयुक्त राजीव रंजन, आईजी अमिताभ ढिल्लो, एसपी मनीषा चौधरी, प्रतीक्षा गोदारा, अतिरिक्त उपायुक्त एएस मान, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया, सीटीएम शालिनी चेतल, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी हर्षाली सहित सभी विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद थे।


- रेलवे से मैपिंग कराते हुए सर्वे कराने के निर्देश
-मुकलान, सरसौद, चौधरीवास में हाईवे पर अंडर पास बनेंगे
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें