अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु का कहना है कि सांसद राजकुमार सैनी अब हमारे नहीं रहे हैं। वह बहुत पहले ही बेगाने हो चुके हैं। राजकुमार सैनी और यशपाल मलिक ने जिस प्रकार समाज के भाईचारे में जहर घोलने का काम किया है, भगवान भी उन्हें माफ नहीं करेंगे। समाज को तोडने में उनकी भूमिका के लिए समाज का सामूहिक विवेक उन्हें समय आने पर करारा जवाब देगा। इन दोनों को इस प्रकार का आचरण और अमर्यादित राजनीति नहीं करनी चाहिए। कैप्टन सोमवार को हिसार में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
इनेलो और हुड्डा का प्रेम कैसे पनपा
उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर एक व्यक्ति द्वारा एफआईआर दर्ज करवाई गई है, इसमें सरकार का कोई लेना-देना नहीं है। इस मामले में हुड्डा या किसी और को बेवजह घबराने की जरूरत नहीं है। जांच के बाद दोषी पाए जाने पर ही उन पर कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। इस संबंध में अशोक अरोड़ा द्वारा दिए बयान पर उन्होंने कहा कि पता नहीं हुड्डा और इनेलो में यह नया-नया प्रेम कैसे पनपा है। इनेलो नेता पहले तो कहते थे कि हुड्डा ने सीबीआई का दुरुपयोग करके उनके सुप्रीमो को जेल भिजवाया, वहीं दूसरी ओर भूपेंद्र हुड्डा कह रहे हैं कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस और बसपा का गठबंधन होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इनेलो का हुड्डा के प्रति हमदर्दी का नाटक उनकी समझ से बाहर है।
जहां भाजपा का प्रतिनिधि नहीं, उन हलकों में कर रहे हैं रैली
कैप्टन ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 90 हलकों में समान रूप से विकास करवाया है। लोगों से संपर्क की इसी कड़ी में अब मुख्यमंत्री द्वारा ऐसे हलकों में रैलियां शुरू की गई है, जहां भाजपा का प्रतिनिधि नहीं है। इसका मकसद यह है कि इन क्षेत्रों के लोगों को यह महसूस न हो कि सरकार में उनका प्रतिनिधित्व न होने के कारण उनकी ओर ध्यान नहीं है। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल 22 सितंबर को नलवा हलके में रैली करेंगे।