फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जमकर बरसे बादल, गर्मी से मिली राहत, शहर हुआ जलमग्न

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। तीसरे दिन वीरवार को भी हिसार में बादल जमकर बरसे। लोगों से गर्मी से राहत मिली तो शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। रुक-रुककर दिन भर बरसात होती रही। देर शाम तक 40.6 एमएम बरसात दर्ज की गई। बरसात से कहीं बिजली सप्लाई में बाधा आई तो कहीं दीवार ढह गई।
शहर की सड़कें भी पहली तेज बरसात को झेल नहीं पाई। कई सड़कों में गड्ढे बन गए। शहर की गलियों में बिछाई गई सीमेंटेड ब्लॉक भी कई जगह धंस गए। मानसून को लेकर किए गए प्रशासन के प्रबंधों में भी बेहतर व्यवस्था नजर नहीं आई।
विज्ञापन

इन इलाकों में हुआ जलभराव
ऑटो मार्केट, पड़ाव चौक, नागरिक अस्पताल रोड, ग्रीन पार्क रोड, फव्वारा चौक रोड, कैमरी रोड, बरवाला रोड, मिलगेट रोड पर काफी देर तक बरसाती पानी जमा रहा। इसके अलावा जवाहर नगर, पटेल नगर, कृष्णा नगर, जयदेव नगर, उत्तम नगर, महता नगर, रामपुरा मोहल्ला, बड़वाली ढाणी, शांति नगर, मिल गेट के कई क्षेत्र में भी जलभराव के कारण वाहन चालकों व लोगों को आने-जाने में दिक्कत हुई।

बरसाती नाले के लिए खोदी गई सड़क में ही धंस गए वाहन
कृष्णा नगर में बरसाती पानी निकासी को लेकर बनाए जा रहे नाले के लिए खोदी गई सड़क में ही वाहन फंस गए। कार, स्कूटी व बाइक चालक सड़क के गड्ढे में पानी भरा होने के कारण अंदाजा नहीं लगा सके और वाहन उसमें धंसते रहे। बाद में आसपास के लोगों की सहायता से वाहनों को बाहर निकालकर गंतव्य तक जाया जा सका। अव्यवस्था का आलम इतना है कि लोगों को परेशानी से बचाने के लिए कोई साइनबोर्ड तक नहीं लगाए गए हैं।

दिन और रात के तापमान में आई गिरावट
अच्छी बरसात होने से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। बारिश से दिन और रात के तापमान में काफी गिरावट आई है। वीरवार का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री रहा। अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान भी दो डिग्री कम हुआ है।

कटला रामलीला चौक पर दीवार गिरी
तेज बरसात के कारण कटला रामलीला चौक पर बने एक जर्जर भवन की दीवार ढह गई। यह भवन पुराना था। हालांकि आरोप लगाया गया है कि यह भवन इसलिए गिरा, क्योंकि इसके पास में अवैध रूप से बेसमेंट का निर्माण हो रहा है। गनीमत रही कि दीवार गिरने के समय वहां कोई नहीं था।

नागरिक अस्पताल परिसर में भी भरा पानी
तेज बरसात के कारण नागरिक अस्पताल परिसर में भी पानी भर गया। अस्पताल के मेन गेट पर पानी जमा रहने से लोगों को आने-जाने में दिक्कत हुई। इसी तरह बस स्टैंड के बाहर भी पानी जमा हो गया।

जलभराव खत्म करने में 50 टीमें जुटी रहीं
जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ केके जैन के अनुसार शहर में जलभराव खत्म करने के लिए विभाग की 50 टीमों को लगाया गया। एक स्थान पर चार-चार मोटरें लगाकर पानी निकासी की गई। लगातार डिस्पोजल चलते रहे। रात में भी विभाग की सभी टीमें सक्रिय रहेंगी।
विज्ञापन


दुकान पर बिजली का पोल गिरा
हिसार। आदर्श नगर में बंसल नर्सिंग होम के निकट हनुमान मंदिर के सामने एक दुकान पर वीरवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक बिजली का खंभा गिर गया। उस समय बिजली भी चल रही थी। अचानक आवाज सुनकर दुकान मालिक बाहर आ गया। दुकान पर बिजली का खंभा गिरा हुआ था। खंभा गिरकर दुकान के लेंटर पर जा टिका। इसके बाद दुकानदार ने बिजली निगम में फोन करके इसकी सूचना दे दी। सूचना मिलते ही निगम ने बिजली सप्लाई बंद करवा दी। एक तरफ बारिश तो दूसरी तरफ पोल गिरने से पूरे क्षेत्र की बिजली गुल होने पर लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दुकानदार के अनुसार खंभा गिरने से उनकी दुकान के लेंटर को कुछ नुकसान पहुंचा है। सूचना के बाद मौके पर बिजली निगम के अधिकारी भी पहुंच गए और क्रेन से खंभा ठीक करने की बात कही। देर शाम तक पोल ठीक नहीं किया गया था और बिजली बहाल नहीं हो पाई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें