अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
स्वर्ण जयंती समारोह में सिंगर सोनू निगम की इंट्री पर अचानक भगदड़ मच गई। उन्हें नजदीक से देखने और उनसे हाथ मिलाने के चक्कर में भीड़ कुछ समय के लिए बेकाबू हो गई कि उन्हें संभालना मुश्किल हो गया। इस दौरान दो छात्राएं घायल हो गई और उन्हें रोता देखकर सोनू निगम बोले कि ये तो हरियाणा की शेरनी है और मामूली सी चोट से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।
उन्होंने दोनों छात्राओं को अपने करीब बुलाया। सोनू निगम के पास खुद को पाकर छात्राएं काफी उत्साहित दिखीं। इस दौरान न केवल आयोजकों बल्कि खुद सोनू निगम ने कार्यक्रम को बीच में ही बंद करने की चेतावनी दी तब जाकर बेकाबू भीड़ शांत हुई। दरअसल जब सोनू निगम मंच पर गाना सुना रहे थे तो युवा वर्ग झूम कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा था। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें वहीं रोक लिया। गाना गाते समय सोनू निगम की नजर पुलिस पर पड़ी तो वे बोले कि बच्चे एंज्वाय कर रहे हैं इसलिए पुलिस से निवेदन है कि वे इन्हें न रोकें। उनके इस निवेदन के बाद पुलिस ने भीड़ को छूट दी तो भारी संख्या में भीड़ स्टेज पर सोनू निगम को करीब से देखने और उनसे हाथ मिलाने के लिए स्टेज के बिल्कुल करीब आ गई।
सोनू निगम जब स्टेज के करीब खड़े लोगों से हाथ मिला रहे थे उनके पास जाने की समारोह स्थल पर होड़ मच गई। बाद में पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभाला और आयोजकों के साथ-साथ खुद सोनू निगम को यह कहना पड़ा कि भीड़ अगर पीछे नहीं हटी तो वे यह कार्यक्रम बीच में छोड़कर चले जाएंगे। इसके बाद बेकाबू भीड़ पीछे हटी और पुलिस ने भी राहत की सांस ली। सोनू निगम ने भीड़ के शांत होने के बाद गाना शुरू किया।
सोनूू निगम के गानों पर झूमे दर्शक
सोनू निगम ने स्टेज पर जैसे ही गाने के साथ इंट्री दी तो पूरा पंडाल झूम उठा। उन्होंने जितने भी गाने गाए युवा वर्ग ने उन पर जमकर ठुमके लगाए। सोनू निगम के गानों से दर्शक इतने प्रभावित हुए कि वे भी उनके साथ सुर में सुर मिलाने पर मजबूर हो गए। काले रंग के परिधान में आए सोनू निगम ने दर्शकों की मांग पर भी गाने गाए और अपने हंसमुख अंदाज से सबका दिल भी जीत लिया।