अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
हिसार जिले के विधायक सोमवार से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में लोगों की समस्याओं से जुड़े 57 सवाल उठाएंगे। सबसे अधिक सवाल बरवाला के विधायक वेद नारंग ने भेजे हैं। हिसार शहर विधायक डॉ. कमल गुप्ता की ओर से कोई सवाल नहीं पूछा जाएगा।
सोमवार से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र के लिए जिले के विधायकों की ओर से 57 सवाल पूछे गए हैं। इनमें मंत्री होने के कारण नारनौंद क्षेत्र से कैप्टन अभिमन्यु कोई सवाल नहीं पूछ सकते। बरवाला के विधायक वेद नारंग ने अपने एरिया के 15 सवाल भेजे हैं। सबसे अधिक वेद नारंग ने ही भेजे हैं। विधानसभा का सत्र तीन दिन का रहेगा। इसमें विधायकों को उनके सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है। नलवा से इनेेलो विधायक रणबीर गंगवा ने सात सवाल भेजे हैं। उकलाना से इनेेलो विधायक अनूप धानक ने 13 सवाल भेजे हैं। बरवाला से इनेलो के विधायक वेद नारंग ने 15 सवाल भेजे हैं। हांसी से कांग्रेस विधायक रेणुका बिश्नोई ने 10 सवाल भेजे हैं। आदमपुर से कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई 12 सवाल करेंगे। भाजपा से जिले में दो विधायक हैं। इनमें हिसार शहर से विधायक डॉ. कमल गुप्ता ही सवाल कर सकते हैं। डॉ. कमल गुप्ता की ओर से विधानसभा सत्र के लिए कोई सवाल नहीं भेजा गया है।
ढांड के जलघर टैंक, कच्चे रास्ते को पक्का करना, सड़कों की मेंटेनेंस सहित खाली पदों को भरने, गांव के स्कूलों को अपग्रेड करने, सरकारी स्कूलों में साइंस लैब की सुविधा, छात्राओं की सुरक्षा के लिए व्यवस्था करना के सवाल भेजे हैं।
अनूप धानक, विधायक उकलाना
-----------------------------
बरवाला, मिलगेट एरिया में स्टेडियम, बरवाला में लघु सचिवालय, पुराने जलघर की जर्जर हालत, गवर्नमेंट कॉलेज के रास्ते को पक्का कराने, सीएम की घोषणाओं पर प्रोग्रेस, सरकारी स्कूलों को अपग्रेड करने के सवाल पूछेंगे।
वेद नारंग, विधायक बरवाला
---------------------------
हांसी ऑटो मार्केट में अब तक काम शुरू न होना, इस एरिया का सबसे बड़ा सवाल है। आदर्श ग्राम योजना ग्रांट, विधायकों के लिए एक करोड़ की स्वैच्छिक ग्रांट, शहर में पेयजल की लाइनों को बदलना सहित अन्य सवाल भेजे हैं।
रेणुका बिश्नोई, विधायक, हांसी
-------------------------------------------------
कपास की खराब हुई फसलों के लिए स्पेशल गिरदावरी, कंप्यूटर लैब सहायकों को न्यूनतम वेतन, सीएम की घोषणा, मूंग-बाजरे का समर्थन रेट, नहरों में पानी नहीं आ रहा। इन सभी मुद्दों को विधानसभा में उठाएंगे।
रणबीर गंगवा, विधायक, नलवा
-----------------------------------------
हिसार शहरी एरिया में सभी काम पर प्रोग्रेस चल रही है। सभी कामों की लगातार खुद निगरानी कर रहा हूं। अधिकारियों के साथ लगातार बैठकर कर काम को गति दी जा रही है। विधानसभा सत्र के लिए कोई सवाल नहीं भेजा।
-डॉ. कमल गुप्ता, विधायक हिसार
-----------------------------------------
आदमपुर एरिया में पानी की समस्या, विधायक आदर्श ग्राम योजना की ग्रांट, गांवों में बने वाटर टैंकों के सवाल, विकास कार्यों में भेदभाव, सीएम की 350 घोषणाओं पर अब तक काम न होने के सवाल उठाए जाएंगे। एसवाईएल का सवाल भी उठाएंगे।
-कुलदीप बिश्नोई, विधायक, आदमपुर।