अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन के गृृह जिले में ही नकल रहित परीक्षा करवाने का दावा फेल हो गया है। नकलचियों के आगे शिक्षा विभाग का प्रशासन बेबस नजर आ रहा है। परीक्षार्थियों के परिजन धारा 144 का घेरा तोड़कर पुुलिस की मौजूदगी में ही नकल फेंक रहे हैं। रोल नंबर स्लिप की फोटो से छेड़छाड़ करके फर्जी परीक्षार्थी सुपरिंटेंडेंट को चकमा देकर परीक्षा केंद्र में बैठ रहे हैं।
परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी दे रहे अधिकारियों की बेशक इन पर नजर न पड़े। मगर स्पेशल फ्लाइंग की पकड़ में ऐसे फर्जी परीक्षार्थी आ ही जाते हैं। सोमवार को 10वीं कक्षा की हिंदी की परीक्षा में जिले में 19 फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए। फ्लाइंग ने सभी के खिलाफ यूएमसी बनाकर चेतावनी देकर छोड़ दिया। इन 19 फर्जी परीक्षार्थियों में 13 फर्जी परीक्षार्थी एचएयू स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में बने एक ही सेंटर से दबोचे गए। ग्रामीण एरिया के परीक्षा केंद्रों में तो खुद पुलिसकर्मी नकल करवा रहे हैं।
गौरतलब है कि बोर्ड के चेयरमैन जगबीर सिंह हिसार के निवासी हैं। चेयरमैन बनने से पहले वह लाहौरिया स्कूल में प्रबंधन का कामकाज देखते थे।
जिले में एक दिन में बने 28 यूएमसी
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा सोमवार को 10वीं कक्षा के हिंदी विषय की परीक्षा ली गई। बोर्ड चेयरमैन की स्पेशल फ्लाइंग टीम ने जिले में 19 फर्जी परीक्षार्थी पकड़कर यूएमसी बनाए। इनमें पांच यूएमसी राजकीय विद्यालय गंगवा में, 13 यूएमसी एचएयू कैंपस के राजकीय उच्च विद्यालय में और एक यूएमसी नूर निवास विद्यालय में बनाए। वहीं एसडीएम टीम ने जिले के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर नकल करने वाले नौ विद्यार्थियों के यूएमसी बनाए। पूरे जिले में सोमवार को एक ही दिन में 28 यूएमसी बने।
ग्रामीण क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों का माहौल खराब, पुलिस लाचार
ग्रामीण क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों पर जमकर नकल चल रही है। यहां पुलिस की मौजूदगी में ही परीक्षार्थियों के परिजन खिड़की से नकल करवाते हैं। ऐसा ही मामला तलवंडी राणा स्थित स्कूल के परीक्षा केंद्र में देखने को मिला। जहां दो पुलिसकर्मी स्कूल की गैलरी में ड्यूटी पर तैनात थे। उनसे मात्र पांच से दस कदम पर खड़ा एक ग्रामीण खिड़की से नकल करवा रहा था। पूछे जाने पर पुलिसकर्मी ने बताया कि यह तो स्टाफ का सदस्य है, जबकि ग्रामीणों ने बताया कि यह लड़का उनके ही गांव का है। इसके अलावा गांव बहबलपुर स्थित परीक्षा केंद्र में भी दीवार फांदकर परिजन परीक्षार्थियों को धड़ल्ले से नकल करवा रहे हैं।
32 हजार विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
सोमवार को जिले के 129 परीक्षा केंद्रों पर करीब 32 हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई गई और पीसीआर ने भी बार-बार गश्त की। परीक्षा दोपहर 12:30 बजे शुरू हुई। परीक्षा शुरू होते ही पुलिस व परीक्षा केंद्र सुपरिंटेंडेंट ने परिजनों को सख्त आदेश दिए कि अगर परीक्षा केंद्र का माहौल खराब हुआ या नकल फेंकने की कोशिश की गई तो परीक्षा केंद्र रद्द कर दिए जाएंगे।
ये उठ रहे हैं सवाल
-- रोल नंबर स्लिप में की गई गड़बड़ी सिर्फ फ्लाइंग को ही नजर आई, सेंटर सुपरिंटेंडेंट व परीक्षा निरीक्षक क्या कर रहे हैं।
-- धारा 144 तोड़ने वालों पर पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही
-- बाहर से नकल की पर्ची अंदर जाती है तो क्या अंदर भी नकल होती है।
-- अगर अंदर नकल होती है तो सेंटर सुपरिंटेंडेंट व परीक्षा निरीक्षक क्या कर रहे हैं।