अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। सेक्टर 16-17 एवं 13 पार्ट-2 रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने एन्हांसमेंट का समाधान न किए जाने के रोष स्वरूप हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (हुडा) के खिलाफ उच्च न्यायालय की अवमानना का एक और मामला दायर किया है। इसके साथ ही एसोसिएशन ने एन्हांसमेंट लगे एक साल होने व इसकी दोबारा गणना न किए जाने के रोषस्वरूप 19 मार्च को हुडा कार्यालय में दो घंटे तक एन्हांसमेंट की पुण्यतिथि मनाने व हुडा अथॉरिटी का पुतला फूंकने का ऐलान किया है।
2013 में जीता था निचली अदालत में केस
एसोसिएशन के प्रधान जितेंद्र श्योराण ने बताया कि हुडा के खिलाफ उच्च न्यायालय की अवमानना का एक और मामला दायर किया गया है, जबकि एक मामला पिछले दिनों दायर किया गया था। उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 में सेक्टरवासियों ने एन्हांसमेंट के खिलाफ हिसार की निचली अदालत में केस दायर किया था, जिसमें सेक्टर वासी जीत गए थे। निचली अदालत के फैसले के खिलाफ हुडा अथॉरिटी ने उच्च न्यायालय में याचिका लगा दी, जिसके खिलाफ सेक्टरवासी आरएसए में चले गए। जिस पर उच्च न्यायालय ने हुडा की याचिका को खारिज करते हुए इस वर्ष जनवरी में आदेश जारी किए कि एक माह के अंदर सेक्टरवासियों की एन्हांसमेंट की दोबारा गणना करके दी जाए। इसी मामले में हुडा के खिलाफ अवमानना का केस दायर किया गया है, जबकि एक मामला पहले ही दायर किया गया था।
गांव व शहर-शहर जाकर भ्रष्टाचार की पोल खोलेंगे
जितेंद्र श्योराण ने बताया कि एन्हांसमेंट लगे एक वर्ष पूरा होने व सेक्टरवासियों की लंबी लड़ाई के बावजूद हुडा अथॉरिटी द्वारा कोई ध्यान न दिए जाने के रोषस्वरूप 19 मार्च को सेक्टरवासी दो घंटे के लिए हुडा कार्यालय में शोकसभा करेंगे और अथॉरिटी का पुतला फूंकेंगे। लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत सेक्टरवासी गांव-गांव व शहर-शहर जाकर सरकार की वादाखिलाफी व हुडा अथॉरिटी के भ्रष्टाचार की पोल खोलेंगे। राज्य के अन्य शहरों के सेक्टरवासियों से भी ऐसा ही करने के लिए संपर्क किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के नेताओं ने एन्हांसमेंट के मामले में केवल आश्वासन ही दिए हैं और धरातल पर कोई काम नहीं किया, जिससे सेक्टरों में रहने वाले लोगों में रोष है।