हिसार। नगर निगम प्रशासन की ओर से जारी की गई संशोधित मतदाता सूची वेबसाइट पर अपलोड होने के बाद भी लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। आम लोगों से लेकर चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशियों को भी इस वजह से निगम कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। निगम कार्यालय में सूची के बारे में जानने आ रहे लोगों को वेबसाइट से सूची डाउनलोड करने के लिए बोला जा रहा है। मगर जब लोग वेबसाइट देखते हैं तो वहां उन्हें 18 जुलाई को अपलोड की गई मतदाता सूची और 15 नवंबर को डाली गई सप्लीमेंट्री सूची ही मिल रही है। सप्लीमेंट्री सूची में कुछ वोटों का डाटा ही नहीं मिल रहा है। इस कारण भी वेबसाइट से सूची लेने के इच्छुक लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है। अब निगम अधिकारी दोबारा से डाटा अपलोड करने वाले एनआईसी अधिकारियों के समक्ष मामला रखेंगे।
कहां से लें एनओसी, कोई बताने वाला नहीं
चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशियों के लिए चुनाव आयोग द्वारा कौन सी नई गाइडलाइन जारी की गई है। इसकी जानकारी देने के लिए निगम में कोई नहीं है। किन विभागों से एनओसी लेनी होगी, इसके बारे मेें जानने के लिए दिन भर प्रत्याशी और उनके समर्थक निगम कार्यालय के चक्कर काटते रहे। मगर उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
संशोधन के बाद भी मतदाता सूची में रह गईं त्रुटियां
निगम अधिकारियों द्वारा संशोधन के बाद भी मतदाता सूची में त्रुटियां छोड़ दी गई हैं। संशोधन के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर करने वाली पूर्व पार्षद शालू दीवान का कहना है कि उनके ताऊ के परिवार के सदस्यों के वोट बिना कोई नोटिस दिए शिफ्ट कर दिए गए हैं। परिवार के सदस्यों के वोट पहले कमला नगर में बने हुए थे। अब उनके वोट पीएलए में दर्शाए गए हैं। खास बात यह है कि परिवार के सदस्यों ने अपने वोट शिफ्ट करने के लिए कोई आवेदन भी नहीं किया था और न ही उन्हें कोई नोटिस जारी किया गया।
जिसने शिकायत की, सिर्फ उनके वार्ड से काटे गए मृतकों के वोट
इसके अलावा संशोधित सूची में कुछ मृतक शहरवासियों के वोट भी काटे गए हैं। मगर यह वोट सिर्फ उस वार्ड में काटे गए हैं, जिससे संबंधित पूर्व पार्षद या प्रत्याशी ने हाईकोर्ट में शिकायत दी थी। गौरतलब है कि वार्ड नंबर तीन की पूर्व पार्षद शालू दीवान और वार्ड नंबर 18 निवासी प्रवीण ढांडा ने हाईकोर्ट में शिकायत देकर मृतकों के वोट भी सूची में जारी रखने के आरोप लगाए थे। उनके वार्ड में मृतकों के वोट काट दिए गए हैं, जबकि अन्य वार्डों में ऐसे वोटों को नहीं तलाशा गया है।
उधर, बूथों के लिए तैयार की जा रही मतदाता सूची
उधर, नगर निगम प्रशासन की ओर से बूथों पर रखवाने के लिए मतदाता सूची तैयार करवाई जा रही है। कंप्यूटरीकृत कार्य को भी पूरा करवाया जा रहा है। प्रशासन द्वारा निगम चुनाव के लिए 204 बूथ तैयार किए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। इसके लिए कॉपियां तैयार हो रही हैं। नगर निगम के एमई सुरेश गोयल, बिल्डिंग इंस्पेक्टर अमित बेरवाल व सुनील लांबा के निर्देशन में कर्मचारी इस काम को पूरा करवाने में लगे हुए हैं।
मैं मंगलवार को निगम कार्यालय में यह जानने के लिए गया था कि किस विभाग से एनओसी लेनी होगी। वेबसाइट पर सूची के बारे में भी जानकारी लेनी थी। मगर कोई जवाब नहीं मिला।
-सतीश कुमार, भावी प्रत्याशी, वार्ड नंबर 9
संशोधित की गई मतदाता सूची डाउनलोड करने के लिए वेबसाइट खोली थी। मगर उसमें कुछ डाटा मेल ही नहीं खा रहा है। इससे भ्रम की स्थिति बनी हुई है। निगम अधिकारी जान-बूझकर लिस्ट को ढंग से अपलोड नहीं कर रहे हैं।
-प्रवीण ढांडा, भावी प्रत्याशी, वार्ड नंबर 18
निगम प्रशासन की ओर से वोटर लिस्ट आई थी। जो लिस्ट मिली थी, उसको अपलोड कर दिया गया था। बाकी कहीं कोई कमी रह गई है तो इस बारे में बुधवार को देखकर बता पाऊंगा।
-अखिलेश कुमार, असिस्टेंट डायरेक्टर, एनआईसी
हमारे पास कुछ शिकायतें आई हैं कि वेबसाइट पर अपलोड की गई मतदाता सूची में कुछ डाटा नहीं मिल रहा है। कुछ पेज दिखाई नहीं दे रहे हैं। इस बारे में एनआईसी अधिकारियों से मिलकर सूची ठीक करवा दी जाएगी।
-सुरेश गोयल, एमई, नगर निगम