अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। शाहपुर के पास हुए हादसे में मृत गंगवा वासी पुष्पा व उसके बेटे कृष्ण के शवों का शनिवार दोपहर एक बजे गंगवा गांव में अंतिम संस्कार किया गया। दूसरी ओर हादसे में घायल सोनिया का शनिवार को अस्पताल में ऑपरेशन किया गया। हादसे में सोनिया की दाईं टांग दो जगह से टूूट गई थी। अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सदर थाना पुलिस ने गांव गंगवा वासी राजेंद्र की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस हादसे में कार चालक फतेहाबाद निवासी मोहित गोयल की भी मौत हो गई थी। यह हादसा शुक्रवार शाम को कैथल-राजगढ़ हाईवे पर शाहपुर गांव के पास हुआ था।
इस हादसे में गांव गंगवा वासी राजेंद्र की पत्नी पुष्पा, उसका बेटा कृष्ण व बेटी सोनिया अपनी स्कूटी पर किरतान से वापस आ रहे थे। दूसरी तरफ फतेहाबाद का मोहित गोयल अपने दो दोस्तों के साथ राजस्थान के खाटू श्याम से फतेहाबाद की तरफ जा रहे थे। शाहपुर गांव के पास हाईवे पर स्कूटी व कार के बीच टक्कर हो गई, जिसमें स्कूटी सवार कृष्ण उसकी मां पुष्पा व कार चालक मोहित की मौत हो गई। इसके अलावा सोनिया व दो अन्य घायल हो गए थे। हादसे के बाद मृतकों के शव नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाए गए थे। शनिवार को सुबह दस बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। सदर थाना पुलिस ने इस मामले में राजेंद्र की शिकायत पर आईपीसी की धारा 279, 304, 427 व 337 के तहत केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।