अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सीएम फ्लाइंग की टीम ने दिवाली पर मिलावटी मिठाइयां बिकने की सूचनाओं के चलते रविवार को जिले भर में छापेमारी की। सीएम फ्लाइंग की टीम के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम भी रही। टीम ये सैंपल जांच के लिए लैब में भेजेगी और फिर रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
सीएम फ्लाइंग के इंस्पेक्टर जगदेव सिंह ने एसआई रमेश कुमार और एएसआई धर्मबीर सिंह व ईश्वर सिंह के साथ कैमरी रोड पर मिठाइयों के दो गोदामों पर छापा मारा। टीम के साथ जीएफआई जितेंद्र सिंह की टीम भी थी। टीम ने वहां से रसगुल्ले और गुलाब जामुन के सैंपल भरे। एक गोदाम में करीब 30 क्विंटल और दूसरे गोदाम में करीब 15 क्विंटल मावा था। इसके अलावा टीम ने सेक्टर-15 मोड़ के पास के एक रेस्तरां से चमचम का सैंपल भरा। फिर टीम राजगुरू मार्केट में एक चाट भंडार पर पहुंची। टीम ने वहां रबड़ी फलूदा और गोल गप्पे के पानी के अलग-अलग दो सैंपल भरे। टीम को वहां 20 किलो रबड़ी फलूदा और 30 लीटर गोल गप्पे का पानी मिला। बाद में टीम भगत सिंह चौक पर पेड़े की एक दुकान पर पहुंची। टीम ने वहां से बेसन की बर्फी का सैंपल भरा। टीम की छापेमार कार्रवाई जारी थी। इंस्पेक्टर जगदेव सिंह ने बताया कि सैंपल की लैब में जांच कराई जाएगी और रिजल्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई होगी।