अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। एन्हांसमेंट रि-केलकुलेशन के मुद्दे पर सरकार ने ऑल हरियाणा सेक्टर एन्हांसमेंट संघर्ष समिति के प्रधान कुलदीप वत्स को बुलाया है। प्रधान कुलदीप वत्स ने बताया कि उनके पास सीएम के मीडिया प्रभारी राजीव जैन ने फोन के माध्यम से मीटिंग की सूचना दी है। मीटिंग सोमवार को सीएम के चंडीगढ़ आवास पर होगी।
कुलदीप वत्स ने बताया कि हम चाहते हैं कि एन्हांसमेंट के मुद्दे का जल्द ही स्थायी समाधान हो। अब इस मुद्दे का अब पूरी तरह से राजनीतिकरण हो चुका है। हम नहीं चाहते कि ये मुद्दा किसी पार्टी के चुनाव घोषणा पत्र का हिस्सा बने। सेक्टरवासी वोट बैंक पॉलिटिक्स का शिकार हों। ये मुद्दा जितना लंबा खिंचता जा रहा है, सेक्टरवासियों की चिंता व परेशानी बढ़ती जा रही है। किसी का मकान का निर्माण कार्य रुका है तो किसी की सेल-परचेज रुकी है। वत्स ने बताया कि संघर्ष समिति से जुड़े सभी जिलों के 21 सदस्यों का शिष्टमंडल सोमवार को मुख्यमंत्री से भेंट करेगा। मीटिंग के बाद क्या स्थिति उभर कर सामने आती है तो उसके बाद ही आंदोलन की आगामी रूप रेखा तैयार की जाएगी।
आल हरियाणा सेक्टर कन्फरडेेशन के प्रदेश संयोजक यशवीर मलिक ने कहा कि बातचीत के लिए मौखिक निमंत्रण मिला है। जिसमें सोमवार को बातचीत के लिए चंडीगढ़ बुलाया गया है। समिति का प्रतिनिधि मंडल सोमवार को बातचीत करेगा। मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। बातचीत में समाधान निकला तो आंदोलन खत्म कर दिया जाएगा। यशवीर मलिक ने कहा कि एन्हांसमेंट के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला, कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर सहित सभी विपक्षी विधायकों के जरिए इस मांग को विधानसभा में उठाया जाएगा।