अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
चिकनवास टोल शुरू होने से सिरसा-फतेहाबाद की तरफ जाने और आने वाले बस यात्रियों को अब अपनी जेबें हल्की करनी पड़ेेंगी। हिसार से सिरसा रूट पर टोल टैक्स शुरू होनेे से रोडवेज जल्द ही किराये में बढ़ोतरी करेगा। टोल शुरू होने से पहले हिसार से सिरसा के लिए यात्रियों को प्रति सवारी 75 रुपये देने पड़ते थे, लेकिन अब 83 रुपये देने पड़ेंगे। हरियाणा रोडवेज ने टोल लगने वाले रूटों पर नई किराया पॉलिसी लागू की है। पास धारकों को भी अब ज्यादा रुपये देने पड़ेंगे। नए पास बनवाने वाले छात्रों और आम लोगों को रिवाइज किराये के अनुसार भुगतान करना होगा। अग्रोहा के लिए अब प्रति यात्री को 23 रुपये देने पडे़ंगे। बता दें कि हिसार-सिरसा मार्ग पर चिकनवास टोल रविवार सुबह आठ बजे से शुरू हो गया था।
नई किराया नीति
किलोमीटर दूरी में - किराया बढ़ोतरी
1 से 15 किलोमीटर - 2 रुपये
16 से 25 किलोमीटर - 3 रुपये
26 से 30 किलोमीटर - 4 रुपये
31 से 50 किलोमीटर - 5 रुपये
51 से 70 किलोमीटर - 6 रुपये
71 से 90 किलोमीटर - 7 रुपये
91 से 110 किलोमीटर - 8 रुपये
111 से 130 किलोमीटर - 9 रुपये
131 से 150 किलोमीटर - 10 रुपये
151 से 170 किलोमीटर - 11 रुपये
171 से ज्यादा किलोमीटर - 12 रुपये
हिसार से सिरसा के लिए आठ रुपये किराया बढे़गा
इस नियमावली के अनुसार हिसार से सिरसा के लिए आठ रुपये किराया बढे़गा। अब मंगलवार के बाद सिरसा के लिए प्रति यात्री को 83 रुपये देने पड़ेंगे। अब सिरसा के लिए प्रति यात्री किराया 75 रुपये लग रहा है। यातायात शाखा के कर्मचारी अजमेर फौजी ने बताया कि रोडवेज में अभी तक टोल विभाग की तरफ से कोई भी लिखित रूप में नोटिस नहीं आया है। नोटिस आने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा कि हमारी बसो को हिसार से सिरसा के रूट पर कितना टोल टैक्स देना होगा।
टोल वालों ने हमें कोई सूचना नहीं दी थी। अब उनका मैसेज आया है। उनके साथ जल्द ही मीटिंग की जानी है। इसके बाद एक से दो दिनों के भीतर किराया बढ़ाया जाएगा।
-खूबीराम कौशल, जीएम रोडवेज