अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सेक्टरों की सड़कों के लिए नगर निगम अब हरकत में आया है। टेक्निकल सैंक्शन के लिए निगम अधिकारी मंगलवार को गुरुग्राम जाएंगे। चीफ इंजीनियर से अधिकारी हाथों हाथ फाइनल निकलवा कर लाएंगे। इसके बाद काम शुरू होने की उम्मीद है। उधर, सेक्टर-16-17 के टेंडर मामले में ठेकेदार ने काम करने से इनकार कर दिया है। 88 लाख के इस काम का अब निगम को दोबारा टेंडर रिकॉल करना पड़ेगा। यानी यह तय है कि सेक्टर 16-17 के वासियों को अभी कुछ दिन और सड़कों के गड्ढे झेलने पड़ेंगे।
निगम अधिकारियों का कहना है कि ठेकेदार ने ये टेंडर 29 प्रतिशत माइनस रेट में भरा था। ठेकेदार का कहना है कि ये टेंडर गलती से भरा गया है। ठेकेदार ने इसी को आधार बनाकर टेंडर सरेंडर कर दिया। सरेंडर करने पर नगर निगम ने ठेकेदार के काम की दो प्रतिशत धरोहर राशि जब्त कर ली।
पहले गुरुग्राम निगम चुनाव ने अटकाई थी सैंक्शन
नगर निगम अधिकारियों ने 50 लाख से अधिक रुपयों से लगने वाले टेंडर की फाइल पहले ही अप्रूवल के लिए चीफ इंजीनियर के पास गुरुग्राम भेजी थी। वहां के अधिकारियों ने निगम चुनाव होने के चलते बाद में फाइलें निकालने की बात कही थी।
जानिए अंदर की बात
निगम कार्यालय में रविवार को ठेकेदारों की मीटिंग बुलाई गई। ये वे ठेेकेदार थे, जिनके टेंडर निकले हैं और टेक्निकल सैंक्शन अटकी हुई है। मीटिंग में उच्च अधिकारियों के यहां चढ़ावा देने के लिए ठेकदारों से आर्थिक सहयोग मांगा गया। ठेकेदारों ने अपने हिस्से का सहयोग दे दिया। अब चढ़ावा चढ़ाने के बाद टेक्निकल सैंक्शन मिल जाएगी। इस चढ़ावे को निगम के एक अधिकारी मंगलवार को गुरुग्राम लेकर जाएंगे और फाइलें अप्रूव करवा कर ले आएंगे।
जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी हो जाएंगे। ठेकेदारों को रविवार को बुलाकर जल्द ही काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं। एक टेंडर रिकॉल करना पड़ेगा। क्योंकि ठेकेदार ने वर्क सरेंडर कर दिया है। निगम ने हालांकि उसकी धरोहर राशि जब्त कर ली है।
-विवेक गिल, एक्सईएन नगर निगम
इनकी मंजूरी लेने जाएंगे
सेक्टर 13 पी 85.52 लाख
सेक्टर 16-17 88 लाख
अर्बन इस्टेट टू 88.90 लाख
अर्बन इस्टेट वन 121.20 लाख
सेक्टर 9-11 241.95 लाख
सेक्टर-16-17 में नहीं हो सकेगा काम
टेक्निकल मंजूरी मिलने के बाद भी सेक्टर-16-17 में काम नहीं हो सकेगा। यहां टेंडर दोबारा से लिए जाएंगे। इसमें कुछ समय लगेगा। अन्य सेक्टरों में टेंडर हो चुके हैं। यहां काम जल्द शुरू होने की संभावना है।