बरवाला। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) की ओर से बुधवार को बरवाला में समाधान शिविर लगाया गया। इसमें पहुंचे निगम के प्रबंध निदेशक (एमडी) अशोक कुमार गर्ग ने 160 लोगों की शिकायतों की सुनवाई की। इनका मौके पर ही समाधान किया गया।
अधिकतर लोगों ने स्थानीय 33 केवी बिजलीघर को ऊंचा उठाने की मांग की। एमडी ने कहा कि यह काम करवाया जाएगा। ढाणी गारण, ढाणी मीरदाद और ढाणी खान बहादुर के करीब 2,500 उपभोक्ताओं को उपमंडल बाडो पट्टी से हटाकर उपमंडल बरवाला में स्थानांतरित किया जाएगा।
शिविर में करीब 100 शिकायतें बिजली बिलों से संबंधित थी। अन्य शिकायतें बिजली आपूर्ति के लिए नए फीडर बनाने, वितरण व्यवस्था की मजबूती, ट्रांसफार्मर लगाने एवं बदलने, मेरा गांव-जगमग गांव योजना में गांव को शामिल करने, सौर ऊर्जा के कनेक्शन और नलकूप कनेक्शन जारी करने, बिजली के खंभे, ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग और फीडर डिस्ट्रीब्यूशन कर नए फीडर बनाने से संबंधित थीं।
एमडी गर्ग ने कहा कि बिजली हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। यह मूलभूत आवश्यकता बन गई है। इसका उचित इस्तेमाल और सही समय पर बिजली बिल का भुगतान जरूरी है। सौर ऊर्जा का इस्तेमाल बढ़ाने के लिए सब्सिडी भी दी जा रही है।
उन्हाेंने बताया कि मौजूदा 11 केवी फीडर का विस्तार किया जाएगा जिसमें बरवाला शहरी फीडर, पुराना खरकड़ी रोड, घिराय एपी, बधावड़ रोड, मतलाेडा एपी, आरडीएसएस आदि शामिल हैं।
शिविर के दौरान एसडीएम डॉ. वेदप्रकाश बेनीवाल, डीएचबीवीएन के सीई राजेंद्र सभ्रवाल, नगर पालिका के चेयरमैन रमेश बैटरीवाला, एसई विजेंद्र लांबा, हिसार ऑपरेशन के एसई एफआर नकवी, कार्यकारी अभियंता विनीत कुमार सहित निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।