हरियाणा के हिसार शहर के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नौकरी दिलवाने के नाम पर 10 युवाओं से करीब 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर नियाणा गांव की रहने वाली अनीता, उनके बेटे आर्यन, बिजेंद्र और 3 अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में भगाना गांव निवासी अक्षय कुमार ने बताया कि नियाणा निवासी आर्यन अपने नाना के पास भगाना गांव में रह रहा है। आर्यन ने बताया कि वह शहर के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर काम करता है और कई बड़े अधिकारियों को जानता है। 13 दिसंबर 2021 आर्यन और उसकी मां अनीता गांव आई थी। उन्होंने कहा कि वे एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टाफ की नौकरी लगवा सकते हैं, जिसके लिए 1.75 लाख रुपये लगेंगे।
अगर, ज्यादा उम्मीदवार हुए तो 1.50 लाख रुपये लगेंगे। इसके बाद आर्यन ने फर्जी मेल भेजनी शुरू कर दी और हमसे शैक्षणिक और अन्य प्रमाणपत्र मांगे गए। अक्षय के अनुसार आरोपियों ने 10 युवकों से 16 लाख रुपये हड़पे और फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिए।
जब सभी लेटर लेकर हवाई अड्डे पर ज्वाइनिंग के लिए गए तो धोखाधड़ी का पता चला। जब आर्यन से बात की तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। भगाना के अक्षय, नवीन, सुखबीर, अंशुल, नरवाना के सोनू, दुबेटा के विवेक, पंघाल के अमित, अशोक, भाटला के संदीप और डाडम के रतन के साथ धोखाधड़ी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।