हिसार। नगर निगम के वार्ड नंबर 19 के पार्षद नरेंद्र शर्मा का सोमवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। उन्हें उपचार के लिए सर्वोदय अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। मगर उन्होंने शाम 7:51 बजे दम तोड़ दिया। 48 वर्षीय नरेंद्र शर्मा दोपहर बाद किसी विवाह समारोह में शामिल होने के लिए बाइक पर अकेले बरवाला जा रहे थे। जब वह बाडोपट्टी टोल प्लाजा से थोड़ा सा पीछे थे तो उनके मोबाइल पर कॉल आई।
चलती बाइक पर उन्होंने कॉल रिसीव की। इसी बीच उनका संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे साइन बोर्ड से टकरा गई। टक्कर लगते ही नरेंद्र शर्मा नीचे गिर गए। इस दौरान हेलमेट अलग गिर गया और उनके सिर में अधिक चोट आ गई। इस कारण उनके दिमाग ने काम करना बंद कर दिया। नरेंद्र शर्मा वार्ड नंबर 19 से दिसंबर में दूसरी बार पार्षद बने थे।
पीछे से आ रहे बाइक सवार ने बुलाई एंबुलेंस
सड़क के आसपास खेतों में काम कर रहे जमींदारों के अनुसार साइन बोर्ड से टकराते ही बाइक निकलकर आगे चली गई, जबकि नरेंद्र शर्मा घायल होकर वहीं गिर गए। बाद में पीछे से आ रहे बाइक सवार युवक ने नरेंद्र शर्मा को नीचे गिरा देखकर टोल प्लाजा के कर्मचारियों को सूचना दी। उन्होंने एंबुलेंस के जरिये उन्हें तत्काल शहर के सर्वोदय अस्पताल में दाखिल करवाया। करीब पांच से छह घंटे तक जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए नरेंद्र शर्मा ने शाम 7 बजकर 51 मिनट पर दम तोड़ दिया। उनका मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम होगा। इसके बाद आजाद नगर के श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे मेयर, विधायक व कई नेता
पार्षद नरेंद्र शर्मा के घायल होने की सूचना पाकर मेयर गौतम सरदाना, विधायक डॉ. कमल गुप्ता, पूर्व मंत्री प्रो. संपत सिंह, सभी पार्षद व पार्षद प्रतिनिधि, निगम के कमिश्नर अशोक गर्ग, एसई रामजीलाल व अन्य अधिकारियों के अलावा उनके वार्ड के अनेक लोग सर्वोदय अस्पताल पहुंचे।
मिलनसार और हंसमुख जनप्रतिनिधि थे नरेंद्र शर्मा
मेयर गौतम सरदाना से लेकर सभी पार्षदों ने पार्षद नरेंद्र शर्मा के निधन पर गहरा शोक जताया। सभी ने कहा कि नरेंद्र शर्मा बेहद हंसमुख और मिलनसार व्यक्ति थे। वार्ड के लोगों के साथ अन्य शहरवासियों की मदद के लिए भी हमेशा तैयार रहते थे। पार्षद महेंद्र जुनेजा, पार्षद प्रतिनिधि भीम महाजन, प्रवीण केडिया ने कहा कि नरेंद्र शर्मा के रूप में उन्होंने बेहद इच्छा इंसान खो दिया है। ऐसे जनप्रतिनिधि बड़ी मुश्किल से मिलते हैं। अब इनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं।