अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
महाबीर स्टेडियम में आयोजित ताइक्वांडो राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का रविवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में पानीपत के खिलाड़ियों ने बाजी मारते हुए पहला स्थान पाया। दूसरा स्थान रोहतक ने हासिल किया। वहीं हिसार के खिलाड़ी तीसरे नंबर पर रहे। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 450 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इनमें सबसे ज्यादा पानीपत से 70 खिलाड़ियों ने भाग लिया। एडवोकेट एसएम आनंद ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि हार को हंस कर स्वीकार करना ही असली जीत है। रविवार को प्रतियोगिता के जूनियर और सीनियर वर्ग के मुकाबले करवाए गए। प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में एडवोकेट एसएम आनंद, जसवीर गिल, जसवीर गिल, प्रवीन, सोनू, नीरज वर्मा, कोच कमलदीप, कोच विक्रम सहित एसोसिएशन के सभी सदस्य मौजूद थे।
ये रहे परिणाम
पानीपत के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा 27 गोल्ड मेडल जीतकर ओवरऑल ट्रॉफी पर कब्जा किया। दूसरा स्थान रोहतक के खिलाड़ियों और तीसरा स्थान हिसार ने प्राप्त किया। हिसार की ओर से प्रवीन, विकास, राहुुल, सक्षम आदि खिलाड़ियों ने गोल्ड मेडल जीते।
शनिवार को प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों के लिए विशेष रूप से पीने के पानी की व्यवस्था नहीं की गई थी। अमर उजाला ने रविवार के समाचार पत्र में इस समस्या को प्रकाशित किया व एसोसिएशन से समस्या के बारे में बात भी की। रविवार को ताइक्वांडो एसोसिएशन ने पानी का टैंकर मंगवाया और खिलाड़ियों के लिए जूस का प्रबंध भी किया।
लाडवा गांव की खिलाड़ी हुई चोटिल
लाडवा गांव की खिलाड़ी प्रतिभा रेवाड़ी की खिलाड़ी से मुकाबला करते समय घायल हो गई। घायल प्रतिभा का नागरिक अस्पताल से डॉक्टरों की टीम ने अपनी एंबुलेंस में उपचार किया। करीब एक घंटे बाद प्रतिभा स्वस्थ हो पाई।