अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक विजेता पूजा ढांडा और किरण गोदारा मंगलवार को स्वदेश लौटेंगी। पूजा के स्वागत में उनके पैतृक गांव बुड़ाना में और किरण गोदारा के लिए हिसार में सम्मान समारोह रखा गया है। ग्रामीण अपनी लाडली बेटी के स्वागत में पूरी तरह से पलक पांवड़े बिछाए बैठे हैं। दोनों पदक विजेताओं का ढोल-नगाड़ों के साथ रोड शो के माध्यम से स्वागत किया जाएगा है। पूजा ढांडा मंगलवार छह बजे स्वदेश लौटेंगी। इसके बाद मुंढाल से पूजा का विजयी जुलूस निकाला जाएगा। मोटरसाइकिल और गाड़ियों के जत्थे के साथ यह विजयी जुलूस दोपहर 12 बजे बास और दोपहर दो बजे पेटवाड़ पहुंचेगा, जहां बीच-बीच में पूजा का स्वागत किया जाएगा। इसके उपरांत यह रोड शो शाम चार बजे गांव बुड़ाना पहुंचेगा, जहां अखाड़ा मंदिर में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। पूजा ढांडा के पिता अजमेर ढांडा ने बताया कि पूजा एक लंबे अरसे के बाद गांव बुड़ाना में आ रही है। पैतृक गांव होने के नाते पूजा की भी इच्छा थी कि वह कॉमनवेल्थ में जीत के बाद सबसे पहले अपने गांव जाए। पूजा के स्वागत के लिए ग्रामीण, विशेषकर बच्चे, लड़कियां व महिलाएं भारी उत्साहित हैं।
जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की ओर से 19 अप्रैल की शाम पांच बजे सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में जिला खेल विभाग से जुड़े से सभी कोच, अधिकारी खिलाड़ी मौजूद रहेंगे।।